महंगे शौकों ने दो छात्रों को पहुंचाया सलाखों के पीछे, 8.73 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार।

महंगे शौकों ने दो छात्रों को पहुंचाया सलाखों के पीछे, 8.73 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार।

देहरादून:-30 सितंबर 2026

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रेमनगर पुलिस ने दो युवकों को 8.73 ग्राम अवैध MDMA के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और महंगे शौक पूरे करने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को थाना प्रेमनगर की पुलिस टीम पौंधा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 8.73 ग्राम MDMA बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल मोन (22) निवासी मलप्पुरम, केरल और साबिर अली (25) निवासी मलप्पुरम, केरल के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर क्षेत्र में रह रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं। पुलिस के अनुसार, महंगे शौक पूरे करने के लिए उन्होंने MDMA सस्ते दामों में खरीदी थी और इसे शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने आदिल मोन के कब्जे से 4 ग्राम और साबिर अली के कब्जे से 4.73 ग्राम MDMA बरामद की। दोनों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मु.अ.सं. 207/26, धारा 8/22/37 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सूचनाओं के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान और वर्तमान में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई।

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बिधौली उपनिरीक्षक जयेन्द्र सिंह राणा,अपर उपनिरीक्षक रामलाल, कांस्टेबल निर्भय नारायण और कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह भंडारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!