देहरादून में भाजपा पार्षद के घर लूट,वारदात को अंजाम देने वाला घर का नौकर।
नशीला पदार्थ देकर किया बेहोश,बाद में घर की कीमती चीजें लेकर अपने सहयोगियों के साथ हुआ फरार।
देहरादून:-30 सितंबर 2026
देहरादून में भाजपा पार्षद के घर में देर रात लूट हो गई। लुटेरे घर का सामान, ज्वेलरी समेत कीमती चीजों को लेकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार लूट की वारदात को अंजाम देने वाला खुद उनके घर का नौकर ही निकला। जिसने न सिर्फ लूट की घटना को अंजाम दिया, बल्कि बड़े ही शातिर तरीके से पहले घर के लोगों को खाना खिलाया, जिसमें नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश किया और बाद में घर की कीमती चीजें लेकर अपने सहयोगियों के साथ फरार हो गया।
पूरे मामले में सामने आया कि वसंत विहार में रहने वाली भाजपा पार्षद अमिता सिंह की बेटी जो दिल्ली में रहती है,उसने करीब 25 दिन पूर्व ऑनलाइन प्लेटफार्म से एक नौकर को हायर किया था। नौकर नेपाली मूल का बताया गया। नौकर ने आते ही अपने काम के साथ ही घरवालों का भरोसा भी जीत लिया। बस अब भरोसे का कत्ल करने का इंतजार था और बीती देर शाम नौकर ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाया और अमिता सिंह व उनके पति महिपाल सिंह को खाना खिला दिया। इसके बाद दोनों बेहोश हो गए और नौकर ने अपनी लूट की रणनीति के लिए सहयोगियों के साथ मिलकर घर की कीमती चीजों ज्वेलरी लाखों का सामान लेकर फरार हो गया। जिसके बाद बेहोश अनीता सिंह व उनके पति को अस्पताल लाया गया जहां पर उनका फिलहाल उपचार चल रहा है।
वहीं देर रात किचन में मौजूद घटना से पहले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जहां नौकर खाना बनाता हुआ नजर आ रहा है और माइक्रोवेव में खाना रखने के दौरान कुछ मिलाता हुआ भी दिख रहा है। वहीं एक अन्य वीडियो में दो युवक घर में गेट के अंदर चुपके से दाखिल होते हुए नजर आ रहे हैं, जहां गेट के अंदर आते ही गेट पर रखे एक बैग को लेकर अंदर जाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं तीसरे वीडियो में नौकर घर के अंदर सीढ़ियों के पास जाता हुआ नजर आ रहा है, जिसके बाद वह हाथ ऊपर करके घर की एम सी बंद करता हुआ नजर आ रहा है।
वहीं इस पूरी घटना को लेकर एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि घटना बीती देर रात करीब 1:30 बजे की बताई गई। पुलिस को सूचना मिली कि वसंत विहार में एक घर में चोरी हो गई है, जिसमें उनका घर का नौकर शामिल रहा, जिसने घरवालों को कोई नशीला पदार्थ खिलाया और उसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर घर में मौजूद नगदी, ज्वैलरी जैसी चीजों को लेकर फरार हो गया है। एसपी सिटी ने यह भी बताया कि थाने से मिली जानकारी में पता चला है कि परिवार ने नौकर का कोई वेरिफिकेशन भी नहीं करवाया था। एसपी सिटी ने आगे कहा कि मामले पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है और फॉरेंसिक की टीम भी मौके से साक्ष्य इकठ्ठे कर चुकी है। इसके बाद आरोपियों की तलाश के लिए भी लगातार पुलिस प्रयास कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई भी लगातार जारी है।
फिलहाल लूट की वारदात को अंजाम देने वाला नौकर व उसके साथी फरार हैं और पुलिस उनको गिरफ्तार करने के लिए हर संभव जगह पर तलाश कर रही है। पीड़िता अनीता सिंह व उनके पति का अस्पताल में उपचार चल रहा है।उम्मीद की जा रही है कि इस पूरी वारदात को अंजाम देने वाले चोरों को जल्द ही पुलिस गिरफ्तार कर उनकी सही जगह सलाखों के पीछे पहुंचा देगी। लेकिन इस पूरी वारदात ने एक बार फिर ऑनलाइन सर्विसेज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं? साथ ही उस भरोसे का भी कत्ल इस पूरी घटना के दौरान हुआ है जो भरोसा एक घर के मालिक को अपने नौकर पर होता है। क्योंकि इस पूरी घटना में शामिल नौकर का परिवार ने कोई पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं किया था तो इस घटना से यह भी सबक मिलता है कि घर पर नौकर रखने से पूर्व उसका पुलिस सत्यापन और पूरी जांच पड़ताल करना न सिर्फ आपके परिवार को सुरक्षित रखता है, बल्कि आपको इस तरह की घटना के शिकार होने की संभावनाओं को भी कम करता है।
