कोटद्वार में फेसबुक कमेंट से बढ़ा विवाद,व्यापारी से कथित मारपीट के आरोप में दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक गिरफ्तार।
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल):-01 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ गया। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने दीपक कुमार कश्यप उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ को गिरफ्तार किया है। व्यापारी ने अभद्रता, धमकी और हाथापाई का आरोप लगाया है।
फेसबुक पोस्ट के बाद शुरू हुआ विवाद
मामला सोशल मीडिया पर उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद से जुड़े घटनाक्रम पर साझा किए गए वीडियो से शुरू हुआ। दीपक कुमार ने इस संबंध में फेसबुक पर वीडियो पोस्ट किया था। इसी पोस्ट पर गंगादत्त जोशी मार्ग स्थित राधिका गारमेंट्स के संचालक संजीव टांक उर्फ बबलू ने टिप्पणी की। आरोप है कि टिप्पणी से नाराज होकर दीपक कुमार व्यापारी की दुकान पर पहुंचा और वहां विवाद हो गया। व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर अभद्रता, धमकी और हाथापाई के आरोप लगाए। व्यापारी की शिकायत मिलने के बाद कोटद्वार पुलिस ने दीपक कुमार को हिरासत में लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
व्यापारियों ने कोतवाली में जताया विरोध।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से बातचीत की और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुए विवाद और दुकान पर हुई कथित घटना की जांच कर रही है।
पहले भी विवादों से जुड़ा चुका हैं दीपक कुमार का नाम
दीपक कुमार जनवरी 2026 में कोटद्वार में हुई एक घटना के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आए थे। उस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था, जिसके बाद वह इसी नाम से सोशल मीडिया पर चर्चित हुए। इसके बाद उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी हुआ था। मामले से जुड़े विवाद कानूनी स्तर तक पहुंचे और अगस्त 2026 में उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से कार्यवाही पर रोक लगाए जाने की बात सामने आई थी। फिलहाल ताजा मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है। मामले की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही आरोपों से जुड़े तथ्यों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
