प्रेमनगर में दुकान से लैपटॉप-इनवर्टर चोरी का खुलासा,दो भाई गिरफ्तार।
नशे की लत के चलते ताला तोड़कर की थी चोरी, आर्म्स एक्ट में पहले भी जा चुके हैं जेल।
देहरादून:-03 अक्टूबर 2026
एसएसपी देहरादून की रणनीति और थाना प्रेमनगर की सक्रियता से दुकान में हुई चोरी का खुलासा हो गया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी का सामान बरामद किया है। दोनों नशे के आदी बताए गए हैं और पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल भी जा चुके हैं।
थाना प्रेमनगर पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को आमवाला विधौली निवासी मोहम्मद कादिर ने तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर लैपटॉप और इनवर्टर चुरा लिया। तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चौकी प्रभारी विधौली उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा की अगुआई में टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में इसी तरह की घटनाओं से जुड़े संदिग्धों का सत्यापन किया गया। 1 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रेमनगर क्षेत्र से दोनों अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। उनके कब्जे से चोरी किया गया लेनोवो लैपटॉप और अमेज कंपनी का इनवर्टर बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्त भाई हैं। धनंजय पुंडीर उर्फ अंशुल (23) और लविश पुंडीर (27), दोनों धोलास, सुर देवी मंदिर के निकट, कोतवाली प्रेमनगर के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं और नशे तथा अन्य जरूरतों के लिए चोरी की थी। सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उन पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 38/25, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट दर्ज रहा है, जिसमें वे जेल जा चुके हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा के साथ सहायक उपनिरीक्षक रामलाल, कांस्टेबल जसवीर और कांस्टेबल जगजोत सिंह शामिल रहे।
