गंगा पब्लिक स्कूल मेहलचोरी के पांच बच्चों ने जीते राज्य स्तरीय खेलों में गोल्ड मेडल।

गंगा पब्लिक स्कूल मेहलचोरी के पांच बच्चों ने जीते राज्य स्तरीय खेलों में गोल्ड मेडल।

राज्यस्तरीय बालीबाल प्रतियोगिता और योगा में मेहलचौरी के खिलाडियों का शानदार प्रदर्शन।

मेहलचौरी (गैरसैंण):-11 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट:-प्रेम संगेला।

देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता में गंगा पब्लिक स्कूल मेहलचौरी के पांच विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। विद्यालय के इन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा,मेहनत और लगन के दम पर प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर पूरे चमोली जिले का नाम रोशन किया है। बच्चों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ ही क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

प्रतियोगिता में गंगा पब्लिक स्कूल मेहलचौरी के विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल और योगा प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय के आयुष, विपिन और कपिल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए,वहीं,योगा प्रतियोगिता में करण और हार्दिक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक जिला पंचायत सदस्य सुरेश कुमार बिष्ट ने कहा कि,राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पांच विद्यार्थियों का स्वर्ण पदक जीतना विद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कहा कि,इन छात्रों ने यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बीच भी मेहनत,अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। सुरेश बिष्ट ने कहा कि,उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलकूद और योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी नेगी ने कहा कि,खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वॉलीबॉल जैसे टीम खेलों से बच्चों में सहयोग,अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित होती है, जबकि योग से एकाग्रता,संतुलन और आत्मविश्वास बढ़ता है.ऐसे में विद्यार्थियों की यह सफलता शिक्षा के साथ खेल और योग को भी महत्व देने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

गंगा पब्लिक स्कूल मेहलचौरी के पांचों स्वर्ण पदक विजेताओं की इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।

अभिभावावक संघ अध्यक्ष जसवंत सिंह बिष्ट,क्रीडा प्रभारी ललिता बिष्ट ने खिलाड़ियों के अनुशासित प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही। तो वहीं,विद्यालय परिवार और क्षेत्र की ओर से आयुष, विपिन, कपिल, करण और हार्दिक को बधाई व भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे चमोली जिले में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!