हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित ह्रदयेश ने जताई हत्या की आशंका,अपनी और अपने परिवार की जान को बताया खतरा।
विधायक सुमित हृदयेश ने गैरसैंण विधानसभा सत्र में खौफनाक कदम उठाने की दी चेतावनी।
हल्द्वानी:-15 अक्टूबर 2026
नैनीताल जिले की हल्द्वानी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने भावुक होकर गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया है।विधायक ने दावा किया कि प्रदेश में एक बड़ा गैंग नेताओं के फोन टैप कर रहा है। उन्होंने अपनी गाड़ी का एक्सीडेंट कराए जाने की आशंका भी जताई। रोते हुए न्याय की गुहार लगाते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने गैरसैंण विधानसभा सत्र में खौफनाक कदम उठाने की चेतावनी तक दी है।
हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। मीडिया के सामने भावुक होते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रदेश में एक बड़े गिरोह के सक्रिय होने का आरोप लगाया।
सुमित हृदयेश का दावा है कि उनके परिवार के फोन टैप किए जा रहे हैं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट कराकर उन्हें नुकसान पहुंचाया जा सकता है। विधायक सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के जरिए उनकी आवाज की फर्जी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो तैयार कर वायरल किए जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि इस कथित मामले को लेकर वह पहले भी शिकायत कर चुके हैं। सुमित हृदयेश के मुताबिक, अप्रैल 2025 में उन्होंने तत्कालीन एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी. इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने भी यह मामला उठाने का दावा किया है। हालांकि, फोन टैपिंग और कथित साजिश को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
सुमित हृदयेश ने इस पूरे मामले में निजी कंपनियों से जुड़े लोगों और कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों के शामिल होने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि उनका जीवन खतरे में है और उन्हें न्याय चाहिए। भावुक होते हुए विधायक ने अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की है। मामले को लेकर विधायक ने गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान खौफनाक कदम उठाने की बात कह दी। उन्होंने सरकार से न्याय दिलाने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान रामनगर के संजय नेगी और बाजपुर के सोनू शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। विधायक ने दोनों को कांग्रेस में शामिल कराने की बात कहते हुए अपनी विधायकी छोड़ने तक की पेशकश की।
