चमोली में प्रसव कराने आई महिला बिना बताए अस्पताल से निकली बाहर, रास्ते में दिया बच्चे को जन्म।

चमोली में प्रसव कराने आई महिला बिना बताए अस्पताल से निकली बाहर, रास्ते में दिया बच्चे को जन्म।

जोतिर्मठ (चमोली):-16 अक्टूबर 2026

चमोली जिले के सीमांत नगर जोशीमठ में प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची नेपाली मूल की गर्भवती महिला अस्पताल से बिना बताए बाहर निकल गई। इसके बाद महिला ने नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समीप बच्चे को जन्म दे दिया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार के अनुसार दोनों सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार नेपाली मूल की विजय लक्ष्मी गुरुवार सुबह प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ पहुंची थीं। चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया। जांच के दौरान महिला के पास पूर्व में कराई गई जांचों से संबंधित रिपोर्ट नहीं मिली। डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि पूछताछ में महिला ने जानकारी दी कि वह चार दिन पहले ही नेपाल से जोशीमठ पहुंची थी।

उस समय अस्पताल में पहले से ही एक अन्य महिला का प्रसव कराया जा रहा था। इसके बाद विजय लक्ष्मी का प्रसव कराया जाना था, लेकिन इससे पहले ही वह अस्पताल से बिना किसी को बताए बाहर निकल गईं। महिला के अस्पताल से चले जाने की जानकारी मिलने पर चिकित्सकों ने थाना जोशीमठ को सूचना दी।

इसी बीच स्थानीय लोगों ने पैदल मार्ग पर महिला के प्रसव होने की सूचना स्वास्थ्य केंद्र को दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समीप पैदल मार्ग पर ही महिला का प्रसव कराया गया। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने जच्चा और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ के अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से प्रसव कराया और दोनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!