अंकिता भंडारी हत्याकांड: दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त करने पर भड़की कांग्रेस,गैरसैंण में फूंका पुतला।

अंकिता भंडारी हत्याकांड: दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त करने पर भड़की कांग्रेस,गैरसैंण में फूंका पुतला।

गैरसैंण:- 17 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत

अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और इस मामले में कथित तौर पर नाम सामने आने के बाद भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण के मुख्य चौराहे पर एकत्रित होकर केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दुष्यंत कुमार गौतम का पुतला दहन किया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने अंकिता भंडारी के लिए न्याय की मांग करते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि दुष्यंत कुमार गौतम को तत्काल प्रभाव से राज्यपाल के पद से बर्खास्त किया जाए। कहा कि अंकिता भंडारी को जब तक पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई।

वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग अब केवल किसी एक परिवार की व्यक्तिगत लड़ाई नहीं रह गई है। यह पूरे उत्तराखंड की महिलाओं की सुरक्षा, न्याय व्यवस्था और प्रदेश की अस्मिता से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील और गंभीर सवाल है.उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे संवेदनशील मामलों में नाम आने के बावजूद उच्च संवैधानिक पदों पर नियुक्तियां करना जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

इस दौरान महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष सरोज साह ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पूरे उत्तराखंड की जनता के भीतर गहरा आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश की बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ इस तरह के फैसलों से जनता में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराते हुए दुष्यंत कुमार गौतम को पद से हटाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान मुख्य चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया व दुष्यंत कुमार गौतम का पुतला दहन किया,कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक इस मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान दीवान राम,प्रदीप कुंवर,दान सिंह नेगी,जगदीश ढोंडियाल,रूप लाल,गौरव कुमार मोनू,मंजू बिष्ट,संदीप धीमान,पंकज रावत,भरत सिंह बिष्ट,मनमोहन नेगी,प्रकाश चन्द्र,मनोज नेगी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!