महिला की मौत के बाद प्रशासन हुआ सख्त,हल्द्वानी में झोलाछापों पर ताबड़तोड़ एक्शन, 7 क्लीनिक और मेडिकल स्टोर सील।

महिला की मौत के बाद प्रशासन हुआ सख्त,हल्द्वानी में झोलाछापों पर ताबड़तोड़ एक्शन, 7 क्लीनिक और मेडिकल स्टोर सील।

हल्द्वानी (नैनीताल):-17 अक्टूबर 2026

लोगों की जिंदगी और सेहत से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ नैनीताल जिला प्रशासन ने अब बेहद सख्त रुख अपना लिया है। हाल ही में एक झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज के कारण एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद आज शनिवार को राजपुरा इलाके में प्रशासन और ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई इस बड़ी कार्रवाई में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 7 अवैध क्लीनिकों और मेडिकल स्टोरों को मौके पर ही सील कर दिया गया।

आयुर्वेदिक डॉक्टर कर रहे थे एलोपैथिक इलाज,भनक लगते ही भागे संचालक।

प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कई इलाकों में बिना जरूरी अनुमति और लाइसेंस के धड़ल्ले से मेडिकल दुकानें और क्लीनिक चलाए जा रहे हैं। शनिवार को जब जांच टीम अचानक राजपुरा क्षेत्र में पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान टीम को चौंकाने वाली कमियां मिलीं,कई दुकानों में बिना किसी वैध ड्रग लाइसेंस के धड़ल्ले से दवाइयां बेची और बांटी जा रही थीं। कुछ क्लीनिकों में आयुर्वेदिक डॉक्टर डिग्री लेकर बैठे थे, लेकिन वे मरीजों का गंभीर एलोपैथिक (अंग्रेजी) दवाओं से इलाज कर रहे थे।

प्रशासनिक टीम की इस ताबड़तोड़ छापेमारी की भनक लगते ही कई अवैध क्लीनिक संचालक अपनी दुकानें खुली छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए। टीम ने बंद और भागे हुए संचालकों के प्रतिष्ठानों की भी गहन जांच की और दोष सिद्ध होने पर उन्हें तत्काल सील कर दिया।

अब तक 15 अवैध प्रतिष्ठान सील, सिटी मजिस्ट्रेट की सख्त चेतावनी

इस कार्रवाई के बाद शहर के अवैध क्लीनिक और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया, पूर्व में एक झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज की वजह से एक महिला की जान चली गई थी,जिसे प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। लोगों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बताया कि,पिछली कार्रवाई में भी हमने 8 झोलाछाप डॉक्टरों के ठिकानों को सील किया था, और आज 7 और प्रतिष्ठानों पर सख्त एक्शन लिया गया है।प्रशासन की इस लगातार कार्रवाई से साफ है कि आने वाले दिनों में हल्द्वानी और आस-पास के क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ यह अभियान और तेज होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!