सचिवालय की एक महिला अधिकारी ने उपनल कर्मचारी पर पीछा करने और दफ्तर में घुसकर बदतमीजी करने का मुकदमा कराया दर्ज।
देहरादून:-22 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड सचिवालय में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग में तैनात एक महिला अनुभाग अधिकारी से अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है।आरोप है कि सहकारिता विभाग में तैनात उपनल एक कर्मचारी महिला अधिकारी को फेसबुक के जरिए संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। महिला अधिकारी द्वारा उसे ब्लॉक किए जाने के बाद वह बार-बार फोन कर परेशान करने लगा। आरोप है कि 16 अक्टूबर को वह नशे की हालत में महिला अधिकारी के कार्यालय पहुंचा और उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज और धमकी दी।
मामले में महिला अधिकारी की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। महिला अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी कर्मचारी ने कुछ दिन पहले फेसबुक के माध्यम से उनसे संपर्क करने का प्रयास किया था। इससे परेशान होकर उन्होंने उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद आरोपी उनके मोबाइल नंबर पर बार-बार फोन करने लगा। परेशान होकर महिला अधिकारी ने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।
शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर अत्यधिक नशे की हालत में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचा। यहां उसने महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की. आरोप है कि उसने महिला अधिकारी को देख लेने की धमकी भी दी। इस घटना से महिला अधिकारी मानसिक रूप से परेशान हो गईं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी। महिला अधिकारी के मुताबिक, सहकर्मियों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो वह सचिवालय परिसर से बाहर भाग गया. इसके बाद सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बताया गया कि आरोपी को सचिवालय में उसकी तैनाती से भी हटा दिया गया है। महिला अधिकारी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। वह दोपहिया वाहन से घर से कार्यालय आती-जाती हैं. ऐसे में उन्होंने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए सुरक्षा की चिंता जाहिर की है।
पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करने के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है।
