सीएम धामी की विधानसभा सीट पर नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हरा जीता निर्दलीय प्रत्याशी।
चंपावत:- 11 जून 2026
चंपावत जिले की पाटी नगर पंचायत चुनाव में इंडियन आइडल फेम पवन दीप राजन का जादू चल गया है। पवन दीप के जीजा निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल की चुनाव में जीत हुई हैं। उनके सामने बीजेपी प्रत्याशी नवीन राम थे। पाटी नई नवेली नगर पंचायत है और इस पर पहली बार चुनाव हुआ है।गौरतलब है कि पाटी नगर पंचायत चंपावत की लोहाघाट विधानसभा सीट के अंतर्गत आती है। इस चुनाव में इंडियन आइडल फेम स्टार सिंगर पवन दीप राजन ने निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल के समर्थन में प्रचार किया था. नारायण लाल पवन दीप राजन के जीजा भी लगते हैं।
उत्तराखंड के तीन नवगठित नगर निकायों में मंगलवार को वोटिंग हुई थी। इन तीन नवगठित नगर निकायों में चंपावत की पाटी नगर पंचायत का चुनाव परिणाम आ गया है। उधम सिंह नगर जिले की गढ़ीनेगी नगर पंचायत वार्ड सदस्यों और अध्यक्ष तथा टिहरी गढ़वाल जिले की नरेंद्र नगर पालिका के वार्डों का चुनाव परिणाम आना है।
उत्तराखण्ड से इस वक्त की सबसे बड़ी एवं बहुचर्चित खबर राज्य के चंपावत जिले से सामने आ रही है जहां नवगठित पाटी नगर पंचायत का बहुचर्चित चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है। शुरुआती मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल को 200 से अधिक वोटों की अंतिम बढ़त मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। यहां तक की लोग उन्हें और उनके समर्थकों को बधाई भी देने लगे परंतु स्थिति ऐसी बनी कि सत्तारूढ़ भाजपा प्रत्याशी की मांग पर मतों की दोबारा गिनती शुरू कर दी गई इतना ही नहीं अभी तक यह मामला चौथी बार रिकाउंटिंग तक पहुंच गया है। आपको बता दें कि सबसे खास बात यह है कि पाटी नगर पंचायत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। ऐसे में यहां का चुनाव परिणाम राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा है।
मतगणना के शुरुआती रुझानों में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल भाजपा उम्मीदवार नवीन राम से आगे दिखाई दिए। स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली गणना के अंतिम परिणाम में नारायण लाल को 738 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम के खाते में 514 वोट आए। इस प्रकार दोनों के बीच 224 मतों का अंतर सामने आया। हालांकि, इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि निर्वाचन विभाग की ओर से अभी शेष है। बढ़त सामने आने के बाद भाजपा प्रत्याशी की ओर से पुनर्मतगणना की मांग की गई, जिसके बाद मतों की दोबारा गिनती शुरू हुई।
पाटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा इसलिए भी अधिक है क्योंकि इंडियन आइडल विजेता और प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन ने चुनाव प्रचार के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल के समर्थन में जनसंपर्क किया था। नारायण लाल का पारिवारिक संबंध भी पवनदीप राजन से बताया जा रहा है। निर्दलीय नारायण लाल, पवनदीप राजन के जीजा लगते हैं। इंडियन आइडल फेम पवनदीप खुद उनके लिए वोट मांगने चुनाव प्रचार में पहुंचे थे, जिसके बाद से ही भाजपा के माथे पर बल पडने लगा था ऐसे में चुनावी मुकाबले में उनके समर्थन को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा रही। अब मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी की बढ़त को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
पाटी नगर पंचायत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में यहां भाजपा को मिलने वाला जनसमर्थन और चुनावी प्रदर्शन राजनीतिक विश्लेषकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शुरुआती रुझानों में निर्दलीय उम्मीदवार की मजबूत स्थिति सामने आने के बाद स्थानीय राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। हालांकि अंतिम परिणाम घोषित होने तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं मानी जा रही है।
पाटी नगर पंचायत के चारों वार्डों के परिणाम भी सामने आ चुके हैं, जहां निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा।
➡️न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली ने 183 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
➡️जौलाड़ी वार्ड में बबलू सिंह 151 मतों के साथ विजयी रहे।
➡️रानीचौड़ वार्ड से शांति देवी ने 166 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की।
➡️पूनाकोट वार्ड में संगीता को 145 मत प्राप्त हुए और उन्होंने जीत दर्ज की।
वार्ड स्तर पर निर्दलीय प्रत्याशियों के बेहतर प्रदर्शन को भी स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर पंचायत चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। कुल 2067 मतदाताओं में से 1612 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार मतदान प्रतिशत 77.99 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसे नवगठित निकाय के लिए अच्छा मतदान माना जा रहा है।
फिलहाल अध्यक्ष पद का अंतिम परिणाम पुनर्मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में मतों की दोबारा गिनती जारी है और पूरे क्षेत्र की निगाहें अब अंतिम घोषणा पर टिकी हुई हैं।पाटी नगर पंचायत का यह चुनाव केवल स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं रह गया है, बल्कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र, निर्दलीय उम्मीदवार की बढ़त और पवनदीप राजन के प्रचार अभियान के कारण यह पूरे कुमाऊं क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुका है। अब देखना होगा कि रिकाउंटिंग के बाद जीत का ताज किसके सिर सजता है।
