राजधानी देहरादून में महिला जज से अभद्रता का मामला,पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज।

राजधानी देहरादून में महिला जज से अभद्रता का मामला,पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज।

देहरादून:- 23 अक्टूबर 2026

राजधानी देहरादून में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़ा हुआ है। इस बार मामला डालनवाला कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक महिला न्यायिक अधिकारी के साथ ऑनलाइन कैब कंपनी के चालक ने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि धमकी भी दी है। महिला अधिकारी की शिकायत पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला अधिकारी ने डालनवाला कोतवाली में जो तहरीर दी है, उसके मुताबिक 21 अक्टूबर शाम को करीब 6.11 बजे उन्होंने अपने आवास से मालदेवता क्षेत्र जाने के लिए ऑनलाइन कैब कंपनी से बाइक बुक की थी,बुकिंग के बाद बाइक पर एक व्यक्ति उन्हें लेने पहुंचा था। आरोपों के मुताबिक यात्रा शुरू होने के बाद चालक ने महिला अधिकारी से ओटीपी मांगा और फिर करीब नौ किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए निर्धारित किराये से दोगुने पैसे देने की मांग की। महिला अधिकारी ने अतिरिक्त किराया देने से इनकार करते हुए कहा कि वह बुकिंग में निर्धारित राशि का भुगतान करेंगी। आरोप है कि इसके बाद चालक उन्हें निर्धारित रास्ते से ले जाने के बजाय सुनसान और अंधेरे इलाके की ओर ले गया। महिला अधिकारी ने अपने रीडर को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चालक ने उन्हें धमकाया साथ ही महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार भी किया।आरोप है कि चालक ने पुलिस में अपनी जान-पहचान होने की बात भी कही।

महिला अधिकारी के अनुसार उन्होंने ऑनलाइन कैब कंपनी के कस्टमर केयर पर कॉल कर शिकायत की तो चालक ने राइड रद्द करने का दबाव बनाया। बाद में चालक उन्हें जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर लेकर आया,जहां उसने हंगामा किया और वहां मौजूद लोगों के साथ भी अभद्रता की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की गई।

डालनवाला कोतवालीपुलिस ने बताया है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 127(2), 308(3), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज की है. एफआईआर में आरोपी के रूप में ऑनलाइन कंपनी के चालक का उल्लेख है,जबकि उसका नाम और पता अज्ञात बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!