हरिद्वार पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सहारनपुर से किया गिरफ्तार,14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल।
हरिद्वार:-25 अक्टूबर 2026
बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में कथित वीवीआई से जुड़े मामले में सीबीआई कोर्ट में पेश होने से पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आज यानी रविवार को पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उन्हें हरिद्वार लेकर पहुंची।
गौर हो कि मामले में एक दिन पहले ही यानी 24 अक्टूबर को ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर अश्लील व मानहानिकारक टिप्पणी कर उसकी लज्जा भंग की। जिससे उसके परिवार की छवि धूमिल हुई।
शिकायत के मुताबिक, आरोप है कि उर्मिला सनावर रविदास पीठ अपने नाम करने की मांग कर रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की। रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने और फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी जा रही थी। वहीं, सुरेश राठौर की बेटी को व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने, 5 करोड़ रुपए की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में पुलिस ने उर्मिला सनावर के खिलाफ धारा 308(5)(7), 79, 356(3), 356(2) BNS और 4/10 स्त्री अशिष्ट रुपण अधिनियम 1986 का अभियोग पंजीकृत किया। वहीं, मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई कर आज यानी 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही पुलिस ने उर्मिला के फोन को भी कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस सहारनपुर से उर्मिला को हरिद्वार ले आई। जहां से उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि उर्मिला को धारा 8(5)(7), 79, 356(3), 356(2) BNS और 4/10 स्त्री अशिष्ट रुपण अधिनियम 1986 के तहत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि,बीती 24 अक्टूबर को सुरेश राठौर की बेटी ने लिखित तहरीर देकर उर्मिला सनावर पर आरोप लगाया था कि उसने सोशल मीडिया उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया था। इसके साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। वाट्सअप कॉल पर जमीन की डिमांड की गई थी, मांग पूरी न करने पर पांच करोड़ की रंगदारी भी मांगी थी।इसके बाद रानीपुर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपी महिला को सहारनपुर स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे हरिद्वार लाया गया। उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है गहनता से मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो कोई भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौर हो कि कल यानी 26 अक्टूबर को बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में देहरादून सीबीआई कोर्ट में उर्मिला सनावर के बयान दर्ज होने थे, लेकिन उससे एक दिन पहले ही उर्मिला को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। बीते दिनों अंकिता भंडारी केस में कथित वीआईपी की जांच से जुड़े मामले में उर्मिला से पूछताछ हुई थी। जबकि, 23 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट में पेश होकर उर्मिला ने नार्को टेस्ट के लिए हामी भरी थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उर्मिला सनावर को रविवार शाम को ही कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
