गैरसैंण में 4 नवंबर से कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले का आगाज: 100 रुपये के कूपन पर मारुति ऑल्टो K10 जीतने का मौका,उमड़ेगा उत्तराखंडी लोक कलाकारों का रेला।

गैरसैंण में 4 नवंबर से कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले का आगाज: 100 रुपये के कूपन पर मारुति ऑल्टो K10 जीतने का मौका,उमड़ेगा उत्तराखंडी लोक कलाकारों का रेला।

गैरसैंण:- 02 नवंबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आगामी 4 से 8 नवंबर तक पांच दिवसीय भव्य ‘कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले’ का आयोजन होने जा रहा है। इस महोत्सव को ऐतिहासिक, आकर्षक और जन-उपयोगी बनाने के लिए मेलाध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत के नेतृत्व में सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले की घोषणा के बाद से ही क्षेत्र के ग्रामीणों,काश्तकारों में भारी उत्साह का माहौल है।

मेलाध्यक्ष दुर्गा रावत ने बताया कि 4 नवंबर को मेले के भव्य शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया गया है। वहीं, अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण, प्रदेश के विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों तथा क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल को आमंत्रित किया गया है।बताया कि,पांच दिनों तक चलने वाले इस मेले में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और संगीत की अद्भुत छटा देखने को मिलेगी। मेलार्थियों के मनोरंजन के लिए हर दिन उत्तराखंड के दिग्गज और लोकप्रिय कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। मेले के मंच पर ललित मोहन जोशी, मेघना चंद्रा, दर्शन फर्स्वाण, पूनम सती, अंजलि खरे, किशन महिपाल, रोहित चौहान, रेशमा शाह, सुहानी नेगी और मृणाल रतूड़ी जैसे नामचीन लोक गायक अपने सुरीले गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से धमाल मचाएंगे।

ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत ने कहा कि यह मेला गैरसैंण की औद्योगिक, सांस्कृतिक और स्थानीय कृषि विरासत को एक बड़ा मंच प्रदान करेगा। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की मातृशक्ति और महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के जरिए सरकार की सभी जनउपयोगी और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आम जनता और लाभार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।

मेले के दौरान युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए नकद पुरस्कार और चमचमाती ट्रॉफियों की घोषणा की गई है।

➡️वॉलीबॉल: विजेता टीम को 11,000 रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता को 5,100 रुपये व ट्रॉफी।
➡️रस्सा-कस्सी: विजेता टीम को 5,100 रुपये उपविजेता को 3,100 रुपये।
➡️बैडमिंटन (युगल): विजेता को 5,100 रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता को 2,100 रुपये व ट्रॉफी।
➡️बैडमिंटन (एकल): विजेता को 2,100 रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता को 1,100 रुपये व ट्रॉफी।
➡️शतरंज व कैरम: दोनों स्पर्धाओं में विजेता को 2,100 रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता को 1,100 रुपये व ट्रॉफी।
➡️कुर्सी दौड़: विजेता को 1,000 रुपये उपविजेता को 500 रुपये

लकी ड्रॉ का महा-आकर्षण: मात्र 100 रुपये में चमचमाती कार और स्कूटी।

इस मेले का सबसे बड़ा आकर्षण ‘ लकी ड्रॉ’ रहने वाला है, जिसमें लोग मात्र 100 रुपये का भाग्यशाली कूपन खरीदकर अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। लकी ड्रॉ के बंपर पुरस्कार इस प्रकार तय किए गए हैं।

1. प्रथम पुरस्कार: मारुति सुजुकी ऑल्टो K10 कार।
2. द्वितीय पुरस्कार: चमचमाती स्कूटी।
3. तृतीय पुरस्कार: खेती-किसानी के लिए आधुनिक पावर वीडर (छोटा ट्रैक्टर)।
4. अन्य प्रमुख इनाम: चौथे स्थान पर लैपटॉप, पांचवें पर वॉशिंग मशीन, छठे पर एलईडी टीवी, सातवें पर आटा चक्की और आठवें स्थान पर गैस चूल्हा रखा गया है।
5. सांत्वना पुरस्कार: इसके अतिरिक्त 20 इलेक्ट्रिक प्रेस, 30 वाटर बोतल और 50 अन्य सांत्वना पुरस्कार भी भाग्यशाली विजेताओं को बांटे जाएंगे।

स्थानीय लोक संस्कृति, खेल और कृषि की त्रिवेणी के रूप में सजने वाले इस मेले में चमोली सहित आसपास के जनपदों से भी हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!