दो अस्पतालों से रेफर और 3 घंटे एंबुलेंस की देरी ने ले ली कारोबारी की जान, गुस्से में व्यापारियों ने किया बागेश्वर बाजार बंद।
कपकोट (बागेश्वर):-13 नवंबर 2026
कपकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे क्षेत्र के निवासी रमेश चंद्र तिरुवा (50) को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन एंबुलेंस के इंतजार में करीब तीन घंटे बीत गए. आखिरकार उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और व्यापारियों ने विरोध स्वरूप कपकोट बाजार बंद रखा।
घटना के मुताबिक, कपकोट तहसील रोड पर जनरल स्टोर के स्वामी रमेश चंद्र तिरुवा बुधवार को रोज की तरह अपने काम में लगे थे,तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर बागेश्वर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन रमेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां से भी चिकित्सकों ने रमेश को अल्मोड़ा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पूर्व सभासद तनुज तिरुवा का कहना है कि,मरीज को अल्मोड़ा अस्पताल ले जाने के लिए समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। करीब 3 घंटे इंतजार के बाद एंबुलेंस उपलब्ध हो पाई. जिसके बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे कोसी (अल्मोड़ा) के पास रमेश ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया।
बागेश्वर जिला प्रभारी 108 एंबुलेंस सेवा-सौरव कठायत ने बताया कि,जिले में कुल दस एंबुलेंस संचालित हैं। जिनमें से दो खराब होने के कारण खड़ी हैं। खराब वाहनों की मरम्मत कराई जाएगी. जिला मुख्यालय में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, इस कारण बनलेख से वाहन मंगाना पड़ा, जिससे पहुंचने में देरी हुई।
रमेश के निधन से कपकोट के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सरयू और खीरगंगा के संगम पर रमेश का अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम यात्रा में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण,विधायक सुरेश गड़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।
स्थानीय लोगों ने जिले में एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, खराब वाहनों की तत्काल मरम्मत कराने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग की। उनका कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में अस्पतालों की दूरी और दुर्गम रास्ते पहले ही मरीजों के लिए चुनौती बने हुए हैं। ऐसे में गंभीर मरीजों को घंटों एंबुलेंस का इंतजार करना पड़े तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
