रुद्रप्रयाग: अर्जुन बैंड के पास खाई में गिरा इको वाहन, तीन की मौत,चार घायल,शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे वाहन सवार।
पुलिस,एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान।
रुद्रप्रयाग:-22 नवंबर 2026
जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैंड के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होकर जा रहा इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से व्यापक राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को अपराह्न करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि चौकी जखोली (कोतवाली रुद्रप्रयाग) क्षेत्रांतर्गत अर्जुन बैंड के समीप एक वाहन खाई में गिर गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन इको (संख्या UK13TA-4410) बताया गया है। वाहन शादी समारोह के सिलसिले में कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। दुर्गम खाई में गिरे वाहन तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। संयुक्त प्रयासों से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में तीन लोगों की मौत
दुर्घटना में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41) पुत्र स्व. फते सिंह, निवासी कुरछोला, तहसील जखोली, बसन्ती देवी (52) पत्नी कार्तिक, निवासी तैला तथा सुनीता देवी (35) पत्नी भरत सिंह, निवासी तैला की मौत हो गई।
चार लोग घायल
हादसे में सतपाल सिंह पुत्र सुन्दर सिंह, निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाया जा रहा था। वहीं शिवानी (15) पुत्री शूरवीर सिंह और दिव्यांशी (13) पुत्री राकेश सिंह रावत, दोनों निवासी कुरछोला, का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में उपचार चल रहा है। इनके अलावा अंजलि (26), निवासी जखोली बड़मा तथा सुमीता पत्नी सतपाल, निवासी कुनियाली भी घायल हुई हैं। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
