बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया तेज: पंच पूजा के तीसरे दिन वेद ऋचाओं का वाचन बंद।

बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया तेज: पंच पूजा के तीसरे दिन वेद ऋचाओं का वाचन बंद।

बदरीनाथ धाम (चमोली):- 14 नवंबर 2026

विश्व प्रसिद्ध भू बैकुंठ बद्रीनाथ धाम के कपाट आगामी सोमवार 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए जाएंगे. कपाट बंद होने से पूर्व संपादित की जाने वाली पारंपरिक ‘पंच पूजाओं’ का क्रम गुरुवार से शुरू हो चुका है.इसी कड़ी में आज शनिवार को पंच पूजाओं के तीसरे दिन धाम में वैदिक परंपराओं के अनुरूप विशेष अनुष्ठान संपन्न किए गए।

पंच पूजा के तीसरे दिन आज शनिवार अपराह्न से बदरीनाथ मंदिर में वेद ऋचाओं का वाचन विधिवत रूप से बंद हो गया है. इस अवसर पर मंदिर के गर्भगृह और प्रांगण में खड्ग तथा पुस्तक पूजा संपन्न की गई। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात सभी वेद और उपनिषद पुस्तिकाओं को विशेष पूजा-अर्चना कर सुरक्षित एवं उचित स्थान पर विराजमान कर दिया गया। इस महत्वपूर्ण धार्मिक प्रक्रिया को बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर आचार्य सेमवाल, वेदपाठी डॉ. रवींद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने एक संदेश जारी कर कपाट मंगल की प्रक्रिया के तीसरे दिन के अवसर पर देश-विदेश में बसे सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा बेहद सफल रही है और भगवान बदरीविशाल की कृपा से लाखों श्रद्धालुओं ने सुगम दर्शन किए हैं। इसके साथ ही बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण,मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी कपाट बंद होने की पावन प्रक्रिया शुरू होने पर समस्त भक्तों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने आगामी धार्मिक अनुष्ठानों की जानकारी देते हुए बताया कि पंच पूजाओं के चौथे दिन रविवार,15 नवंबर को माता लक्ष्मी को बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने का औपचारिक आमंत्रण दिया जाएगा. इसके पश्चात सोमवार 16 नवंबर की रात्रि को विशेष शयन आरती और घृत कंबल ओढ़ाने की परंपरा के साथ रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. कपाट बंद होने की इस पावन बेला का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!