हल्द्वानी में हनीट्रैप गिरोह के चंगुल में फंसकर बर्बाद हुआ बुजुर्ग कारोबारी,ब्लैकमेलिंग कर हड़पी संपत्ति।
हल्द्वानी:-19 नवंबर 2026
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक बुजुर्ग कारोबारी ने महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने पहले उसे अपने जाल में फंसाया, फिर फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करोड़ों रुपये और संपत्ति हड़प ली। आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों और पैसों की मांग से कारोबारी आर्थिक और मानसिक रूप से टूट चुका है। अब पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, अपनी संपत्ति वापस दिलाने और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
हल्द्वानी में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग कारोबारी ने महिला समेत छह लोगों पर सुनियोजित तरीके से अपने जाल में फंसाकर आर्थिक शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़ित ने इस संबंध में एसएसपी नैनीताल को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी. एसएसपी के निर्देश पर हल्द्वानी कोतवाली ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, पीड़ित पहले स्टोन क्रेशर, पेट्रोल पंप और अन्य व्यवसायों से जुड़े थे। साल 2015 में एक महिला से उनकी जान-पहचान हुई, पीड़ित का आरोप है कि शुरुआत में महिला ने आर्थिक मदद के नाम पर उनसे संपर्क किया और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं, इसके बाद कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर फोटो और वीडियो बनाने शुरू कर दिए। आरोप है कि इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को परिवार तथा समाज में वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाने लगा।पीड़ित के अनुसार,साल 2016 में उनसे करीब 45 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद साल 2016 से 2022 तक उनका महिला से कोई संपर्क नहीं रहा। लेकिन साल 2022 में दोबारा फोन आने के बाद कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग का सिलसिला फिर शुरू हो गया। शिकायत में महिला के अलावा मोहम्मद मुश्ताक, सोमवती और अन्य तीन लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने दबाव बनाकर करीब दो करोड़ रुपये बाजार कीमत के चार प्लॉट अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम करवाए। इन संपत्तियों के लेनदेन को लेकर भी शिकायत में गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
इसके अलावा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य माध्यमों से भी रकम वसूलने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित कारोबारी का कहना है कि आरोपियों की ओर से लगातार फोन और मैसेज कर पैसों की मांग की जाती रही। यहां तक कि रकम नहीं देने पर फोटो-वीडियो वायरल करने, घर पहुंचने और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। शिकायत में 5 नवंबर 2026 की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया गया है कि महिला उनके छोटे भाई के घर के पास पहुंच गई और कथित तौर पर पैसे लेकर ही वापस जाने की बात कही।
इस दौरान पीड़ित ने अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का हवाला भी दिया. पीड़ित का दावा है कि लगातार आर्थिक दबाव के चलते उनका मकान, पेट्रोल पंप और स्टोन क्रेशर तक बिक गया. इसके बावजूद पैसों की मांग बंद नहीं हुई और अब भी उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जेल भिजवाने की धमकियां दी जा रही हैं। फिलहाल पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने, कथित तौर पर हड़पी गई संपत्ति और रकम वापस दिलाने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मामले को लेकर एसएसपी नैनीताल मंजू नाथ टीसी ने बाताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
