वीर चंद्र गढवाली की स्मृति में दूधातोली के बुग्याल में हुआ मेले का आयोजन।
गैरसैंण नपा अध्यक्ष मोहन भंडारी के आह्वान पर भारी संख्या में पंहुचे ग्रामीण,नई मूर्ति का अनावरण कर फहराया तिरंगा।
गैरसैंण- 12 जून 2026
रिपोर्ट- प्रेम संगेला
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के समाधि स्थल कोदियाबगड़ बुग्याल में शुक्रवार को स्मृति मेले का आयोजन किया गया. जिसमें भारी संख्या में चमोली, पौड़ी व अल्मोड़ा जनपद के सीमांत ग्रामीणों ने पहुंचकर उत्तराखंड के वीर सेनानी व सामाजिक कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। अंग्रेजी सेना में रहकर बगावत करने वाले हवलदार मेजर व पूर्व स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ ही एक सामाज सुधारक के रूप में चंद्र सिंह भंडारी (गढ़वाली) की इच्छा अनुसार स्थापित उनकी समाधि पर ग्रामीणों द्वारा हर वर्ष मेले का आयोजन किया जाता रहा है.स्थानीय लोग हर साल लंबी दूरी नापकर अपने संसाधनों पर ही मेले का आयोजन करते आ रहे हैं।
इस साल भी गैरसैंण नगर पंचायत के अध्यक्ष मोहन भंडारी के आह्वान पर आयोजित स्मृति मेले में भारी संख्या में नजदीकी क्षेत्र से जुड़े ग्रामीणों ने कोदियाबगड़ पहुंचकर वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की हालिया दिनों में स्थापित मूर्ति का अनावरण कर तिरंगा ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों की महिला मंगल दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गयी।
इस अवसर पर मोहन भंडारी ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली एक सच्चे स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ ही उनका सामाजिक सरोकारों से भी बेहद लगाव रहा था। उनका जीवन देश और समाज के लिए समर्पित रहा,जो सदैव हमारे लिए अनुकरणीय रहेगा। उन्होंने कहा की भविष्य में राज्य सरकार से सहयोग की मांग कर मेले को भव्य बनाने के प्रयास किए जाएंगे.गैरसैंण को स्थाई राजधानी की मांग को लेकर बेनीताल में भूख हड़ताल के दौरान प्राण गंवाने वाले शहीद बाबा मोहन उत्तराखंडी को भी यादकर उनके नाम से स्थापित शीला पर श्रदासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी।
इस अवसर पर उक्रांद के आशीष नेगी ने भी समाधि स्थल पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखंड को भ्रष्टाचार व नशा मुक्त बनाने के लिए वीरचंद्र सिंह गढ़वाली के पदचिन्हों पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है.इस अवसर पर गैरसैंण क्षेत्र के भराड़ीसैंण,सारकोट,परवाडी,फरकंडे,घंड़ियाल,मेहरगांव,मटकोट,पज्याणा,आन्द्रपा,छडीसैंण,गौल,कुणखेत,रोहिडा,लखेडी,पंचाली,कडपतियाखाल,गैरसैंण नगर,मेहलचौरी,नागचूलाखाल सहित पौड़ी के थलीसैंण व अल्मोड़ा जनपद के स्यालदे ब्लॉक से पहुंचे ग्रामीणों ने झौडा,चांछरी,चौंफला गाकर पौराणिक समय में लगने वाले मेले को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मालसी कामेश्वरी देवी, कांग्रेस युवा प्रकोष्ठ के प्रदीप कुंवर,प्रधान गौल उत्तम रावत,सभासद गोविंद सिंह ,उमा ढौंडियाल, हरेंद्र सिंह ,अंकित चौहान सहित विभिन्न गांवों के प्रधानगण,क्षेत्र पंचायत सदस्य महिला मंगल दलों ने बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
