हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर वोल्वो बस में लगी भीषण आग,दो विदेशी पर्यटकों समेत 32 यात्रीयों की बाल-बाल बची जान।

हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर वोल्वो बस में लगी भीषण आग,दो विदेशी पर्यटकों समेत 32 यात्रीयों की बाल-बाल बची जान।

रुड़की (हरिद्वार)- 03 जून 2026

दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर तड़के सुबह एक चलती वोल्वो बस में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते महालक्ष्मी फिलिप्स की यह लग्जरी बस आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि आग लगते ही बस में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे, इस दौरान पुलिस ने देवदूत बनकर यात्रियों की जान बचाई।

तस्वीरों में दिख रहा यह खौफनाक मंजर हरिद्वार-दिल्ली रोड का है। रुड़की मे शांतारशाह पुलिस चौकी से महज 200 मीटर पहले सुबह करीब 4 बजे अचानक चीख-पुकार मच गई। देहरादून से वाया ऋषिकेश होकर दिल्ली और जयपुर जा रही महालक्ष्मी फिलिप्स की वोल्वो बस संख्या (MP44 ZC 6994) में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। ड्राइवर अरुण कुमार के मुताबिक, आग सबसे पहले इंजन की तरफ से लगनी शुरू हुई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। ​आग लगते ही बस के चालक और परिचालक रिंकू ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत सभी 32 यात्रियों को बस से नीचे उतारा। बस में दो विदेशी पर्यटक भी सवार थे। जान तो सबकी बच गई, लेकिन यात्रियों का सारा सामान और लगेज बस के अंदर ही जलकर खाक हो गया।

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया। रुड़की से तत्काल फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद इस भीषण आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

हादसे के बाद हरिद्वार उत्तराखंड पुलिस का बेहद मानवीय चेहरा सामने आया। पुलिस ने समय न गंवाते हुए तुरंत अन्य वाहनों और बसों की व्यवस्था की और सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। संकट की इस घड़ी में त्वरित मदद मिलने पर सभी यात्रियों ने उत्तराखंड पुलिस का दिल से धन्यवाद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!