चारधाम यात्रा पर आई महिला की गौचर में बस के चपेट में आने से कुचलकर दर्दनाक मौत।
गौचर (चमोली)- 27 मई 2026
रिपोर्ट- ललिता प्रसाद लखेड़ा.
चमोली जनपद के गौचर मेला ग्राउंड में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक बस द्वारा महिला को कुचल दिया गया है। सूचना मिलते ही चौकी गौचर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
चारधाम यात्रा पर आई उत्तर प्रदेश की एक महिला यात्री की गौचर मेला ग्राउंड में बस की चपेट में आने से मौत हो गई। बुधवार सुबह लगभग सात बजे घठित इस हादसे की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली तो चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया,जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार बस संख्या (DD01 R 9725) के चालक ने बस के अगले दाहिने टायर से महिला को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस सीज कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान राजकुमारी (67) पत्नी शशिकांत शर्मा निवासी ग्राम पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह 15 मई को परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश से वह बस संख्या (UK 11PA 4040) से यात्रा कर रही थीं। और बद्रीनाथ धाम की यात्रा कर रात्रि को गौचर ग्राउंड में ठहरी हुई थी। सुबह लगभग सात बजे गुजरात से यात्रियों को लेकर बस जैसे ही ग्राउंड से चलने लगी कि महिला बस की चपेट में आ गई।
पुलिस मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है। हादसे के समय बस में गुजरात के यात्री सवार थे। गौचर चौकी इंचार्ज मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि सीज किये गये वाहन के सवार तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ भेजने के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित रवाना किया गया है।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक मितेश कुमार पुत्र बृजलाल निवासी सुरमे बंगला, गांधीनगर वीजापुर, मेहसाना (गुजरात) को हिरासत में लिया है। पुलिस अब चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मृतक महिला के पंचायतनामा एवं अन्य कानूनी कार्रवाई कर रही है।
