चंपावत फर्जी नाबालिग गैंगरेप मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार।
चंपावत- 27 मई 2026
जिले में कुछ दिनों पहले हुए फर्जी नाबालिग रेप प्रकरण में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सिंह रावत के नाम से हुई है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसमें मुख्य आरोपी कमल रावत, आनंद महर, बबलू राम, राहुल रावत और एक महिला शामिल है।
कोतवाली चंपावत में फर्जी नाबालिक दुष्कर्म प्रकरण में पुलिस को एक ओर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उक्त मामले में पूर्व में कमल सिंह रावत एवं कांग्रेसी नेता आनंद महर के अलावा कुल चार आरोपी पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिए थे। वहीं, चंपावत कोतवाली में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 16/2026 की विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ एवं अन्य तथ्यों के आधार पर साजिश में शामिल अभियुक्त राहुल सिंह रावत का नाम भी प्रकाश में आया था।
पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव के निर्देशन में गठित पुलिस टीम द्वारा उक्त फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। वहीं, चंपावत पुलिस ने बच्ची सिंह बिष्ट प्रभारी निरीक्षक कोतवली चम्पावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा सटीक सूचना, सुरागरसी एवं अथक प्रयासों के आधार पर वांछित अभियुक्त राहुल सिंह रावत पुत्र प्रकाश सिंह रावत निवासी ग्राम सल्ली, कोतवाली चम्पावत, जनपद चम्पावत को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. गिरफ्तार आरोपी को पुलिस टीम ने न्यायलय में पेश कर जेल भेज दिया है।
चम्पावत पुलिस ने साफ संदेश दिया है की झूठी साजिश रचकर कानून को गुमराह करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कारावास तक पहुंचाया जाएगा। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट,उनि राकेश कठायत, का. कुलदीप सिंह शामिल रहे।
