चमोली जनपद के थराली में पोस्टमैन के कमरे में 4 बोरियों में मिले आधार, पैन और एटीएम कार्ड, डाक वितरण में भारी लापरवाही उजागर।

चमोली जनपद के थराली में पोस्टमैन के कमरे में 4 बोरियों में मिले आधार, पैन और एटीएम कार्ड, डाक वितरण में भारी लापरवाही उजागर।

थराली (चमोली):- 29 जून 2026

चमोली जिले के थराली के तुंगेश्वर डाकघर (पिन-246482) में डाक वितरण में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि डाक विभाग के एक कर्मचारी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, सरकारी नोटिस, कॉल लेटर तथा अन्य महत्वपूर्ण पंजीकृत डाक लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाय उन्हें बोरियों में भरकर अपने निजी किराए के कमरे में रख दिया।

थराली विकासखंड के तुंगेश्वर क्षेत्र में डाक विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आने का मामला प्रकाश में आया है. आरोप है कि तुंगेश्वर क्षेत्र में तैनात पोस्टमैन ने साल 2025 से लेकर अब तक की महत्वपूर्ण डाक लोगों तक पहुंचाने के बजाय अपने निजी कमरे में तीन से चार बोरियों में बंद कर रखी है। इस कथित लापरवाही के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

लोगों ने इस लापरवाही पर पोस्टमैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार, बोरियों में बड़ी संख्या में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक एटीएम कार्ड, बैंकिंग संबंधी दस्तावेज व स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे गए महत्वपूर्ण पत्र और दस्तावेज रखे गए थे, जिन्हें लाभार्थियों तक वितरित नहीं किया गया।

यह मामला तब सामने आया जब स्थानीय निवासी विनोद पांडे को उनकी पुत्री का आधार कार्ड तुंगेश्वर-माल बजवाड़ मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला। विनोद पांडे ने बताया कि जब उन्होंने इस संबंध में पोस्टमैन से पूछताछ की तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने पोस्टमैन के कमरे का निरीक्षण किया तो वहां कथित तौर पर तीन से चार बोरियों में बड़ी मात्रा में डाक रखी हुई मिली।बताया जा रहा है कि संबंधित डाक वितरक हरियाणा का निवासी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से क्षेत्र में नियमित रूप से डाक वितरण नहीं किया गया। इस घटना के बाद डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि महत्वपूर्ण सरकारी एवं बैंकिंग दस्तावेज समय पर न मिलने से अनेक नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा होगा। क्षेत्रवासियों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।उपजिलाधिकारी थराली ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में डाक वितरण में लापरवाही के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में तुंगेश्वर का यह मामला एक बार फिर डाक व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है। वहीं इस बारे में अधीक्षक डाकघर चमोली अजय कुमार ने बताया कि पोस्टमैन द्वारा अपने कमरे में डाक रखना नियम विरुद्ध है. मामले की जांच कराई गई है और संबंधित पोस्टमैन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि इतनी गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर डाक विभाग क्या कार्रवाई करता है। क्षेत्र की जनता दोषियों के निलंबन और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!