कोबरा के काटने के बाद सांप को डिब्बे में लेकर अस्पताल पहुंचा सांप काटे का मरीज।
रामननगर (नैनीताल):-23 जुलाई 2026
उत्तराखंड के रामनगर में उस समय सरकारी अस्पताल में अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब एक युवक कोबरा सांप के काटने के बाद इलाज कराने अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसके हाथ में कोई साधारण सामान नहीं,बल्कि वही जिंदा कोबरा सांप था, जिसने उसे कुछ देर पहले काटा था,युवक सांप को डिब्बे में बंद करके सीधे अस्पताल पहुंच गया,। अस्पताल में युवक के साथ कोबरा को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरत में पड़ गए, फिलहाल चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू कर दिया है।
मुरादाबाद जिले के रहने वाले अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा हैं,अरुण यहां टाइल्स लगाने का काम करता हैं और साथ ही जरूरत पड़ने पर सांपों का रेस्क्यू भी करता है। सुबह 5 बजे अरुण को सूचना मिली कि रामनगर के गुमानपुर क्षेत्र में नितिन कुमार के घर के अंदर एक कोबरा सांप घुस आया है,सूचना मिलने के बाद अरुण सांप को रेस्क्यू करने के लिए मौके पर पहुंच गया,अरुण ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद करने का प्रयास किया, इसी दौरान कोबरा ने उनके हाथ की उंगली पर काट लिया।
कोबरा के काटने के बावजूद अरुण घबराया नहीं,उसने पहले सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी सांप को लेकर इलाज के लिए रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गया,अस्पताल में जब डॉक्टरों और लोगों ने युवक के साथ डिब्बे में बंद कोबरा को देखा तो हर कोई हैरान रह गया।
सांप के काटे अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब पांच बजे सांप निकलने की सूचना मिली थी,वह मौके पर पहुंचा और कोबरा को रेस्क्यू करने लगा, सांप को डिब्बे में पैक करने के दौरान उसने उसकी उंगली में काट लिया। इसके बाद वह सांप को लेकर अस्पताल आ गया।
वहीं सरकारी चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि सांप के काटने के बाद मरीज को अस्पताल लाया गया है,मरीज के हाथ की इंडेक्स फिंगर पर सांप के काटने के निशान हैं। चिकित्सकों की टीम ने उसका उपचार शुरू कर दिया है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.फिलहाल कोबरा के काटने के बाद उसी को डिब्बे में लेकर अस्पताल पहुंचे अरुण कुमार की तस्वीर और पूरा मामला रामनगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
