टिहरी के घनसाली में भालू का आतंक ,सरूणा गांव के एक व्यक्ति को किया घायल।
घनसाली (टिहरी गढ़वाल)-30 दिसम्बर 2025
टिहरी में भालू के हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आज सुबह घनसाली भिलंगना रेंज के सरुणा गांव में भालू ने एक व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया।
घायल व्यक्ति टीकाराम जोशी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अपने पशुओं के लिए जंगल में चारा लेने जा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बैठे भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया, हमले में टीकाराम जोशी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। घायल टीकाराम ने साहस दिखाते हुए भालू से संघर्ष कर किसी तरह अपनी जान बचाई, इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। उपप्रभागीय वनाधिकारी जन्म जय रमोला ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायल टीकाराम जोशी को घर भेज दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है, उन्होंने बताया कि गत दिवस देवप्रयाग में भी भालू द्वारा एक व्यक्ति पर हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया था जिसे वन विभाग ने एक लाख का मुआवजा दे दिया है।वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही गई है।
