भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष को पुलिस ने लिया हिरासत में,युवती ने लगाया था दुष्कर्म और गर्भपात का आरोप।

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष को पुलिस ने लिया हिरासत में,युवती ने लगाया था दुष्कर्म और गर्भपात का आरोप।

नैनीताल:-08 जुलाई 2026

जिले के भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को दुष्कर्म और गर्भपात कराने के आरोपों के मामले में पुलिस ने देर रात उनके आवास से हिरासत में ले लिया। कार्रवाई नैनीताल,भवाली और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। इस दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला. पुलिस नरेश को हिरासत में लेती,उससे पहले ही उसने फेसबुक लाइव शुरू कर दिया।अचानक उसने कोई पदार्थ भी पी लिया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की एक युवती ने नरेश पांडे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बीते दिनों युवती के जिला न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 (पूर्व में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164) के तहत बयान भी दर्ज कराए थे। बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि देर रात पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी के घर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए रवाना हो गई। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष और विधिक प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है। आवश्यक पूछताछ और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताते चलें नरेश पांडे पर क्षेत्रीय युवती ने दुष्कर्म के आरोप लगाए थे, जिसके बाद आरोपी से बीते दिनों नैनीताल पुलिस ने करीब 24 घंटे तक पूछताछ की और उसे छोड़ दिया।वहीं आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की जहां आरोपी को राहत नहीं मिली। उसके बाद आरोपी हाईकोर्ट की शरण में गया था। हालांकि अभी मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। वहीं देर रात पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी नरेश पांडे को उसके घर से हिरासत में लिया।

यौन शोषण मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नैनीताल पुलिस भवाली स्थित उसके आवास पहुंची। इसी दौरान नरेश पांडे ने फेसबुक पर लाइव आकर लोगों से मदद की अपील की और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए। गिरफ्तारी के लिए पुलिस के घर पहुंचने पर नरेश पांडे ने अपने घर की बालकनी से फेसबुक लाइव किया। लाइव वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उन्हें पकड़ने पहुंची है।उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता की, उसके कपड़े फाड़ दिए तथा उनके पिता, भाई और बेटे के साथ भी बदसलूकी की। नरेश ने यह भी कहा कि युवती ने अपने धारा 164 के बयान उनके पक्ष में दिए हैं। वीडियो अचानक समाप्त हो गया, जिससे माना गया कि पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान पुलिस कार्रवाई से बचने के प्रयास में नरेश पांडे ने कथित रूप से जानलेवा पदार्थ का सेवन कर लिया। उन्हें गंभीर अवस्था में पुलिस बीडी पांडे चिकित्सालय, नैनीताल लेकर पहुंची। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया। फेसबुक लाइव के दौरान भी नरेश ने जानलेवा पदार्थ पीने की बात कही थी।

नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि,नरेश पांडे के खिलाफ, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज है। वह नामजद और वांछित आरोपी है। विवेचना के दौरान मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस उसे लेने गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!