रामनगर के रिसॉर्ट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई,कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़,52 गिरफ्तार,10 युवतियां का किया गया रेस्क्यू।
रामनगर (नैनीताल):-05 जुलाई 2026
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिसॉर्ट में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर 52 युवक युवतियों को गिरफ्तार किया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और देर रात रिसॉर्ट पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली, जहां कई संदिग्ध लोग मौजूद मिले। इसके बाद मौके से कुल 52 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। अधिकारियों के अनुसार, सभी युवतियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का दावा किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा जांच में होटल के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस पूरे मामले में विस्तृत जानकारी साझा करने के लिए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी रामनगर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई, बरामदगी, गिरफ्तार आरोपियों और आगे की कानूनी प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
