बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी,मुख्य आरोपी समेत 3 और गिरफ्तार।

बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी,मुख्य आरोपी समेत 3 और गिरफ्तार।

देहरादून:-02 जुलाई 2026

सहसपुर थाना क्षेत्र के चर्चित बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अमन समेत तीन आरोपियों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गौरतलब है कि 13 जून 2026 की शाम बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष के कई लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने बड़ी संख्या में बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने कई पुलिस टीमों और एसओजी को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया था। इससे पहले पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन और उसके दो साथी सावेज तथा आजम की लगातार गैर-राज्यों में तलाश की जा रही थी। आखिरकार पुलिस ने तीनों को हरियाणा से दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बैरागीवाला हत्याकांड में लगातार हो रही गिरफ्तारियों को दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!