महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पर मुक़दमा दर्ज,अन्य 04 भी नामजद।

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पर मुक़दमा दर्ज,अन्य 04 भी नामजद।

देहरादून:-14 मई 2026

वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर राजधानी देहरादून में परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करना नर्सिंग अभ्यर्थियों और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को भारी पड़ गया।पुलिस ने ज्योति रौतेला समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार,नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले 11 मई से 13 मई तक प्रदर्शन किया गया।इस दौरान महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कुछ प्रदर्शनकारी परेड ग्राउंड की पानी की टंकी पर चढ़ गए और वहीं डटे रहे।पुलिस का कहना है कि जिस स्थान पर प्रदर्शन किया गया,वहां पहले से ही धरना-प्रदर्शन प्रतिबंधित है।

डालनवाला थाना पुलिस के मुताबिक,प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करते हुए टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान आत्मदाह और टंकी से कूदने की चेतावनी भी दी गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई दौर की बातचीत कर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, 12 मई को प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए, जिससे मुख्य मार्ग पर जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। करीब 59 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है।

बाद में स्वास्थ्य विभाग और शासन स्तर पर मांगों पर विचार का आश्वासन मिलने के बाद 13 मई को प्रदर्शनकारी टंकी से नीचे उतर गए। हालांकि, लंबे समय तक चले प्रदर्शन और कथित कानून व्यवस्था प्रभावित होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।

डालनवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे में ज्योति रौतेला समेत अन्य लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पेट्रोलियम एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिओम राज चौहान को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!