गहरी खाई में गिरी कार, 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत।
चकराता (देहरादून):-29 जुलाई 2026
उत्तराखंड के देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार चला रहे 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू कर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
जानकारी के अनुसार चकराता तहसील के दुनुवा गांव निवासी 24 वर्षीय जगमोहन बुधवार सुबह करीब सात बजे अपनी कार संख्या (UK11A6727) से घर से सहिया की ओर निकले थे। दुनुवा-मलेथा मोटर मार्ग पर गांव से कुछ ही दूरी पर अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा और नीचे स्थित दूसरी सड़क पर पलट गया। हादसे के समय कार में जगमोहन अकेले सवार थे। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। विजय सिंह तोमर, प्रेम सिंह तोमर, रितेश, धरमू, सुखिया, संजय और रमेश समेत कई ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने झाड़ियों के बीच गंभीर रूप से घायल पड़े जगमोहन को बाहर निकाला और अपने निजी वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहिया पहुंचाया, ताकि उनकी जान बचाई जा सके। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सरिता धारिया ने प्राथमिक जांच के बाद जगमोहन को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार पुलिस टीम के साथ अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरने के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। वाहन की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। 24 वर्षीय जगमोहन अपने परिवार के इकलौते सहारे थे और दो छोटे बच्चों के पिता थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
