श्रीनगर दौरे पर पहुंची कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा,कार्यकर्ताओं में भरा जोश,2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति,संगठन मजबूती पर दिया जोर।

श्रीनगर दौरे पर पहुंची कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा,कार्यकर्ताओं में भरा जोश,2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति,संगठन मजबूती पर दिया जोर।

श्रीनगर गढ़वाल-07 मई 2026

उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा बुधवार को श्रीनगर पहुंचीं, जहां उनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। दौरे के दौरान उन्होंने पौड़ी जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई और संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।विकास कार्यों और राज्य आंदोलन की याद दिलाई पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर में अधिकांश विकास कार्य कांग्रेस सरकार के दौरान हुए। उन्होंने कहा कि तहसील का निर्माण, मेडिकल कॉलेज की स्थापना और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का काम कांग्रेस की सोच की देन है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन की शुरुआत श्रीनगर से हुई थी और आंदोलन के दौरान पौड़ी क्षेत्र के लोगों ने बड़ा योगदान दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को मजबूत करने का काम करें। उन्होंने कहा कि 2027 की लड़ाई आसान नहीं है,लेकिन एकजुट होकर इसे जीता जा सकता है।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा है और आम जनता परेशान है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बद्री-केदार की धरती से कांग्रेस की जीत का संकल्प लें और 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन गया है और कांग्रेस को इसके लिए संघर्ष करना होगा।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में पलायन तेजी से बढ़ा है और हजारों गांव खाली हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में स्कूल बंद हो रहे हैं और युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा है।उन्होंने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि इससे युवाओं के सपनों को झटका लगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के सामने उजागर करना जरूरी है और कांग्रेस को संगठित होकर चुनाव की तैयारी करनी चाहिए।

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में अपने वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही है और झूठे वादों के जरिए जनता को गुमराह कर रही है।उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से “मिशन 2027” के तहत भाजपा को बेनकाब करने और कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया।

संगठन मजबूती पर जोर देते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव लाने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना जरूरी है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाना चाहिए और वर्तमान सरकार की नीतियों को उजागर करना चाहिए।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही 2027 में कांग्रेस की सरकार बन सकती है और प्रदेश में लोकतंत्र को मजबूत किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!