चंपावत से कांग्रेस का 2027 चुनावी बिगुल,परिवर्तन संकल्प यात्रा का आगाज़,गणेश गोदियाल ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप।

चंपावत से कांग्रेस का 2027 चुनावी बिगुल,परिवर्तन संकल्प यात्रा का आगाज़,गणेश गोदियाल ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप।

चंपावत:-28 जून 2026

चंपावत से कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी राजनीतिक तैयारियों का आगाज़ कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने परिवर्तन संकल्प यात्रा की शुरुआत करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर अवैध खनन, स्थानीय युवाओं की उपेक्षा और विकास कार्यों में बाहरी कंपनियों को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।

रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चंपावत से परिवर्तन संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी जाएं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाया जाए।

गणेश गोदियाल ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जब-जब चंपावत विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है, तब-तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और जनसरोकारों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर और चल्थी क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही खनन संबंधी अनियमितताओं के आरोप लगना गंभीर विषय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर के कार्यों के ठेके बाहरी कंपनियों को दिए गए, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर मिलना चाहिए था।

कार्यक्रम में विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, पूरन कठायत, विनोद बडेला, विपिन जोशी, बिमला महरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के जरिए कांग्रेस ने साफ संकेत दिया कि पार्टी अब 2027 के चुनावी अभियान को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!