कर्णप्रयाग में टेंडर प्रक्रिया पर विवाद,6 सभासदों ने अध्यक्ष पर लगाए मनमानी के आरोप।
कर्णप्रयाग (चमोली)- 15 अप्रैल 2026
नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग में विकास कार्यों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।पालिका के छह सभासदों ने प्रेसवार्ता कर नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह पर टेंडर प्रक्रिया में मनमानी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान नाराज सभासदों ने कहा कि पिछले छह महीनों से नगर क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि अब तक चार बार टेंडर प्रक्रिया निरस्त की जा चुकी है और हाल ही में दोबारा आमंत्रित किए गए टेंडर भी रद्द कर दिए गए। सभासदों का कहना है कि इस स्थिति के कारण उन्हें जनता के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका विकास कार्यों के बजाय केवल खरीददारी में व्यस्त है और जनहित से जुड़े कार्यों की अनदेखी की जा रही है। सभासदों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे बोर्ड बैठकों का विरोध जारी रखेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नगर पालिका कार्यालय और बोर्ड बैठक में ही होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, लेकिन कई बार टेंडर फॉर्म खरीदे ही नहीं गए, जिस कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।अब देखना होगा कि इस विवाद का समाधान कब तक निकलता है और नगर क्षेत्र में विकास कार्य कब तक रफ्तार पकड़ते हैं।
वहीं,सोमवार से कर्णप्रयाग में आयोजित बिखौती कर्ण महोत्सव शुरू हुआ,लंबे समय से इसकी तैयारी हो रही थी लेकिन नगर के 6 सभासदों ने इससे दूरी बनाई हुई है। यह दूरी आयोजन के साथ ही राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। निर्दलीय सहित भाजपा के तीनों सभासदों से आयोजन से दूरी बनाई है। सुभाषनगर -सिमली के सभासद मनोज पुंडीर का कहना है कि पालिका में विकास योजनाओं में मनमानी चल रही है। निर्माण कार्य लंबे समय से ठप है। टेंडर लगातार निरस्त हो रहे हैं। इससे सभासदों पर विकास कार्यों का जनदबाव है। अपर बाजार की हेमा डिमरी ने विकास कार्यों में लापरवाही की बात कही है। ऐसे में विपक्ष के साथ ही भाजपा के सभासद भी मुखर दिख रहे हैं।
