नैनीताल की नैनीझील में लगातार दूसरे दिन मिला शव,इलाके में हड़कंप।
नैनीताल-27 जून 2026
उत्तराखण्ड की नैनीझील में लगातार दूसरे दिन शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने पहुंचकर पहचान की।
नैनीताल के मल्लिताल में एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर और माँ मायना देवी मंदिर के समीप से किसी व्यक्ति ने सवेरे 7:22 बजे 112 को फोन कर नैनीझील में शव होने की सूचना दी। इसके बाद मल्लिताल कोतवाली टीम एसएसआई दिनेश जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची,पुलिस ने झील में उतराते शव को बाहर निकाला।
तलाशी के दौरान व्यक्ति की जेब से ₹4000 निकले। उनकी पहचान आल सेंटस स्कूल में सफाई कर्मचारी 48-50वर्षीय महिंदर चौहान के रूप में की गई। उनके शव की स्थिति देखकर बताया गया कि अधेड़ बहुत कम समय पहले ही डूबा होगा.पुलिस शव को चिकित्सकीय जांच के लिए स्थानीय बी.ड़ी.पाण्डे अस्पताल ले गई.अधेड़ के परिजन झील किनारे पहुंचे और पहचान की।
गौरतलब है कि नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव बरामद हुआ है. इससे एक दिन पहले स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव भी झील से मिला था. लगातार दो दिन में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों को चिंतित कर दिया है. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।
