देहरादून में एक नामी स्कूल के शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़छाड़ का लगाया आरोप,मामले को लेकर स्कूल में परिजनों का हंगामा।

देहरादून में एक नामी स्कूल के शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़छाड़ का लगाया आरोप,मामले को लेकर स्कूल में परिजनों का हंगामा।

देहरादून:-23 अक्टूबर 2026

राजधानी देहरादून में एक प्राइवेट स्कूल की छात्राओं ने अपने फिजिक्स शिक्षक पर उनको अनुचित तरीके से छूने के आरोप लगाए हैं। छात्रा और उसकी मां ने इस मामले की लिखित शिकायत स्कूल प्रबंधन से भी की थी। स्कूल प्रबंधन ने छात्रा और उसकी मां को आरोपी शिक्षक के खिलाफ एक्शन लेने का भरोसा दिया था। आरोप है कि बाद में छात्रा को डराकर मामला दबाने का दबाव डाला गया। वहीं, हंगामे की सूचना पर पुलिस की टीम भी स्कूल पहुंची।

दरअसल, छात्रा और उसकी मां का आरोप है कि प्रबंधन उनको स्कूल से बाहर नहीं जाने दे रहा है। मां-बेटी स्कूल से बाहर न जा सकें,इसके लिए गेट पर ताला भी लगा दिया गया है। पीड़ित छात्रा के आरोपों के अनुसार फिजिक्स शिक्षक लंबे समय से उनके क्लास की अन्य लड़कियों को भी गलत नीयत से छू रहे थे। छात्रा ने यह बात पहले अपनी मां को बताई, जिसके बाद मां स्कूल पहुंची और प्रिंसिपल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। परिवार का दावा है कि शिकायत में कुल 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। छात्रा की मां के मुताबिक स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को नौकरी से हटाने और बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था।

छात्रा का आरोप है कि, हालांकि इसके बाद अगले दिन चौथे पीरियड में उसे प्रिंसिपल ऑफिस बुलाया गया। जहां डायरेक्टर,प्रिंसिपल और एक महिला शिक्षिका मौजूद थीं। वहां डायरेक्टर ने उससे अभद्र ढंग से बात की, उसे झूठा बताया और यह कहा कि वह एक बुजुर्ग शिक्षक पर गलत आरोप लगा रही है। छात्रा के अनुसार उससे यह भी कहा गया कि शिक्षक ने किस तरह छुआ था, वो छूकर दिखाए। उसका आरोप है कि उसे डराकर कहा गया कि मामले में कोई उसका साथ नहीं देगा और वह अकेली है। साथ ही उससे घर जाकर मां को इस बातचीत के बारे में न बताने को कहा गया।

वहीं, पीड़िता की मां का कहना कि इस घटना के बाद से बेटी डरी-सहमी रहने लगी है और स्कूल जाने से घबराती है। उनका कहना है कि अन्य छात्राएं भी शिक्षक के व्यवहार से परेशान थीं, लेकिन डर और सामाजिक दबाव के चलते अभिभावकों तक शिकायत नहीं पहुंचा पा रही थीं। परिवार ने मांग की है कि शिकायत की रिसीविंग और 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाले आवेदन की प्रमाणित प्रति दी जाए। डायरेक्टर असेंबली में सभी बच्चों के सामने सार्वजनिक माफी मांगें। छात्राओं को यह संदेश दिया जाए कि किसी भी अनुचित हरकत की सूचना वे बिना डरे अभिभावकों और प्रिंसिपल को दे सकती हैं।

वहीं, इस मामले में कोतवाली डालनवाला प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि स्कूल में हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस स्कूल पहुंची थी। अभी स्कूल प्रबंधन और परिजनों से बातचीत चल रही है। बातचीत के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

उधर, छात्रा की ओर से लगाए गए सवाल पर देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि,यह मामला हमारे संज्ञान में आया है। ऐस में पुलिस टीम को स्कूल में भेजकर जांच करवाई जा रही है। स्कूल प्रबंधन के बयान भी लिए जाएंगे,जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!