दून अस्पताल में लहराया चापड़, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज।
देहरादून:-09 अक्टूबर 2026
देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक आपस में झगड़ते हुए नजर आ रहे हैं जबकि इस पूरे झगड़े में एक दूसरे युवक द्वारा धारदार चापड़ लहराया जा रहा है। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें पूरी घटना दर्ज की गई है।
घटना सुबह करीब 5:00 बजे की बताई गई है जब दो युवक अस्पताल की इमरजेंसी में पहले परिसर में झगड़ने रहे उसके बाद इमरजेंसी के अंदर पहुंच गए। स्थिति तब और ज्यादा गंभीर हो गई जब एक युवक ने धारदार चापड़ निकाल कर दूसरे युवक पर वार करना शुरू किया। हालांकि इस दौरान बीच बचाव के चलते कोई बड़ी घटना नहीं हुई, लेकिन इस पूरी घटना से अस्पताल स्टाफ, मरीज और डॉक्टर डरे हुए हैं।
वहीं इस पूरी घटना को लेकर दून अस्पताल के एमएस डॉक्टर आर एस बिष्ट ने घटना को बेहद ही गंभीर बताया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5:00 बजे की यह घटना रही। जिसमें एक पक्ष द्वारा अस्पताल में उपचार के लिए आया गया था, जबकि कुछ देर बाद दूसरे पक्ष से झगड़ा होने के चलते वह भी अस्पताल में पहुंचा और सीसीटीवी के अनुसार इसमें चापड़ भी लहराया गया। क्योंकि दून अस्पताल में सुरक्षा गार्ड्स भी रहते हैं लेकिन घटना के दौरान सुरक्षा गार्ड भी झगड़े से बचते हुए नजर आए। जिसको लेकर डॉक्टर आर एस बिष्ट ने कहा कि सुरक्षा गार्ड अस्पताल में जरूर होते हैं लेकिन इस तरह के धारदार हथियार से लैस हुड़दंगियों से बचाव के लिए उनके पास पर्याप्त इंतजाम नहीं रहते, इसी कारण पूरी घटना के दौरान वे जान के जोखिम के चलते बीच में नहीं आ सके।
वहीं पूरी घटना को लेकर एसपी सिटी शेखर सुयाल ने कहा कि क्योंकि घटना में चापड़ धारदार हथियार प्रयुक्त होता हुआ दिखाई दे रहा है तो ऐसे में मामला दर्ज किया जा रहा है, क्योंकि दून अस्पताल में ऐसे मामले पहले भी आ चुके हैं और इसीलिए अस्पताल में एक पुलिस चौकी भी बनाई गई है तो पुलिस की देरी को लेकर भी उन्होंने कहा की चौकी प्रभारी अस्वस्थ होने के चलते अस्पताल में भर्ती थे इसी वजह से पुलिस को आने में थोड़ा वक्त लग गया।
बरहाल इस पूरी घटना ने एक बार फिर दून अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं । घटना से अस्पताल स्टाफ डॉक्टर भी डरे हुए हैं, तो ऐसे में अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन व दून पुलिस के साथ मिलकर ऐसे कौन से कड़े कदम उठाता है, जिससे इस तरह की घटनाओं को होने से रोका जा सके और यदि होती है तो उसपर तुरंत एक्शन के लिए क्या तरीका अपनाया जाए।
