गैरसैंण के माईथान क्षेत्र से लापता व्यक्ति का चार दिन बाद भी नहीं लगा सुराग,पुलिस विभाग डॉग स्क्वायड से दो बार चला चुकी सर्च अभियान ।
माईथान (मेहलचौरी )- 21 मई 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला.
कोतवाली गैरसैंण के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवपुरी निवासी गुमशुदा व्यक्ति का चार दिन बीतने के बावजूद अब तक कोई पता नहीं लग पाया है, किसी अनहोनी की आशंका को लेकर पुलिस विभाग द्वारा अब तक दो बार डॉग स्क्वायड की टीम द्वारा सघन सर्च अभियान चलाने के बावजूद फिलहाल कोई सफलता न मिलने से परिवार सहित पुलिस विभाग की चिंता भी बढ़ गयी है।
उल्लेखनीय की विकासखंड गैरसैंण के माईथान क्षेत्र अंतर्गत देवपुरी ग्राम पंचायत के चनुलीछानी तोक निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय पुष्कर सिंह 18 मई से घर से लापता है,तब सांयकाल 6:30 बजे परिजनों से हुई बातचीत के बाद उनका मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। 4 दिनों से परिजनों सहित ग्रामीण भी राजेंद्र सिंह की ढुंढखोज में लगे हैं, लेकिन कोई भी सफलता नहीं मिल पाई। अनहोनी की आशंका को लेकर पुलिस विभाग द्वारा अब तक दो बार गांव के नजदीकी क्षेत्र में डॉग स्क्वाड की टीम के साथ सघन सर्च अभियान चलाया, इस दौरान खोजी कुते भी एक किलोमीटर के बाद वापस चले आए,जिसके बाद पुलिस विभाग की निगरानी में ग्रामीणों ने भी नजदीकी खेतों सहित गधेरों ओर जंगलों में गहरी छानबीन की लेकिन लापता व्यक्ति की मौजूदगी का ऐसा कोई भी सुराग नहीं लगने से पुलिस के लिए भी चुनोतियां बढ गयी हैं।
उधर लापता राजेंद्र सिंह का मोबाईल नम्बर भी 18 मई की शाम से ही लगातार स्विच ऑफ आने से कोई लोकेशन भी नहीं मिल पा रही है।परिवार के मुखिया के यूं अचानक लापता होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है,परिवार के इकलौते कमाने वाले व्यक्ति राजेंद्र सिंह बकरी पालन करके परिवार का भरण पोषण करते थे,परिवार में उनके तीन बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। पत्नी बच्चों का रो -रो कर बुरा हाल है। पत्नी संजू देवी कहती हैं कि उनकी समझ में नहीं आ रहा है की दो बेटियों ओर बेटे की पढ़ाई लिखाई को कैसे आगे बढ़ाएंगी।
मामले की जांच कर रहे चौकी प्रभारी माईथान अरुण कुमार की टीम लगातार हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी गैरसैंण मनोज सिरोला ने बताया कि डॉग स्कॉट की टीम से फिलहाल अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई है। मामले में अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल जारी है मोबाईल स्वीच आफ होने से भी कठिनाई आ रही है ।देवपुरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल सिंह कंडारी ने कहा कि एक तरफ अनहोनी की आशंका के तहत खोजबीन जारी है ,वहीं दूसरी तरफ पुलिस विभाग से अन्य विकल्पों के माध्यम से भी राजेंद्र सिंह की खोज करने का आग्रह किया गया है।
