ऊधमसिंहनगर में नकली नोटों का खुलासा,ऊपर असली,नीचे नकली,पुलिस ने खोला करोड़ों का खेल।

ऊधमसिंहनगर में नकली नोटों का खुलासा,ऊपर असली,नीचे नकली,पुलिस ने खोला करोड़ों का खेल।

4 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकली करेंसी के साथ 2 शातिर आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

गदरपुर (उधमसिंह नगर)- 29 मई 2026

उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर से बड़ी खबर सामने आई है जहां नकली नोटों के काले कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार किया है।गदरपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत साढ़े 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकली करेंसी के साथ 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक नोटों की गड्डियों में ऊपर असली और नीचे नकली नोट लगाकर लोगों को ठगने की तैयारी थी। आखिर कैसे चल रहा था ये खेल?

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पंचपुरी गूलरभोज इलाके में भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सैफ्टा फार्म रोड स्थित एक खोखे पर दबिश दी और मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान जो खुलासा हुआ उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य की नकली करेंसी बरामद हुई। जांच में सामने आया कि नोटों की गड्डियों में ऊपर 500 रुपये के असली भारतीय रिजर्व बैंक के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया” लिखे नकली नोट रखे गए थे, ताकि आम लोगों को आसानी से झांसे में लिया जा सके। बरामद रकम में करीब 10 हजार रुपये असली नोट भी शामिल बताए गए हैं।

पुलिस ने इस मामले में बाजपुर निवासी मुनतियाज और गदरपुर क्षेत्र निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने और यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर नकली नोटों का ये खेल कहां-कहां तक फैला हुआ था। फिलहाल पुलिस इसे आर्थिक अपराध और संगठित नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है। बड़ा सवाल ये है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट बाजार तक पहुंचते उससे पहले कौन-कौन इसके निशाने पर था।

एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने मौके से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के नोट बरामद किए हैं। बरामदगी में 500 रुपये के नकली नोटों की कई गड्डियां, ऊपर असली और नीचे नकली नोटों वाली गड्डियां तथा एक काले-सफेद रंग के बैग में भरे 157 बंडल नकली नोट शामिल हैं। इस मामले में कोतवाली गदरपुर में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी गूलरभोज गदरपुर के रूप में हुई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है और किन क्षेत्रों में इन्हें खपाने की तैयारी थी। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!