कांवड़िए को गोली मारने वाले चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार,तीन आरोपी अब भी फरार।

कांवड़िए को गोली मारने वाले चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार,तीन आरोपी अब भी फरार।

हरिद्वार:-01 जून 20263

कांवड़िए को गोली मारने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है,हालांकि अभी भी तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम शिवराज, आदित्य कुमार, वंश गुप्ता और हेमंत कुमार हैं। गिरफ्तार आरोपी गैंग बनाकर लोगों को डराने और धमकाने का काम करते हैं। इन आरोपियों ने बीती रात हरिद्वार में कांवड़िए को गोली मारी थी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। कांवड़िए का फिलहाल ऋषिकेश में एम्स में उपचार चल रहा है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार 31 मई की आधी रात को डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़िए को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी,कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों के दल में शामिल युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि उत्तर प्रदेश व हरियाणा के चार कांवड़िए चल लेकर हरिद्वार से जा रहे थे, तभी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास उनकी बाइक सवार 6 से सात युवकों के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के दौरान बाइक सवार युवकों ने कांवड़ यात्री अजय पुत्र नरेश निवासी जिला पानीपत (हरियाणा) को गोली मार दी। घायल कांवड़िए को पुलिस ने पास के निजी भूमानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस वारदात को अंजाम देने वाले शिवराज पुत्र जबर सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल को पुलिस ने रात में गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी की बाइक को भी कब्जे में लिया है, जो वारदात में इस्तेमाल की गई थी. इसके बाद पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई जारी है. अभी भी तीन आरोपी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आरोपियों ने जिस कांवड़िए को गोली मारी है,उनक नाम अजय है, जो अपने साथियों के साथ 221 लीटर गंगाजल लेकर 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकला था. बीती रात सभी घटना स्थल पर रात्री विश्राम के लिए रूके थे। तभी वहां कांवड़ियों की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई और इस दौरान आरोपियों ने अजय को गोली मार दी। अजय यह कांवड़ गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग करने को लेकर निकला था।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

शिवराज पुत्र जबर सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी शांतिपुरम कॉलोनी जगजीतपुर कनखल।

आदित्य कुमार पुत्र राजकुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल।

हेमंत कुमार पुत्र मनोज कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी जगजीतपुर, थाना कनखल।

वंश गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता, हाल निवासी फुटबॉल ग्राउंड, जगजीतपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!