हल्द्वानी के टांडा जंगल हत्याकांड का खुलासा,कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने वाला तिवारी सिंह गिरफ्तार।

हल्द्वानी के टांडा जंगल हत्याकांड का खुलासा,कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने वाला तिवारी सिंह गिरफ्तार।

हल्द्वानी (नैनीताल)- 24 मई 2026

हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

घटना 23 मई 2026 की देर रात की है,जब पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में वन विभाग में संविदा पर तैनात प्लांटेशन वॉचर मेवा लाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर घटना के खुलासे के निर्देश दिए.एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच में मृतक की पहचान मेवा लाल पुत्र हरी लाल निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई, जो वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत था।

प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान पुलिस को संदिग्ध लगे, पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की,जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी,इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से मेवा लाल पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मामले में वन बीट अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम:-तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह, निवासी लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर,जनपद ऊधम सिंह नगर है,जो वर्तमान में पीपलपड़ाव ब्लॉक में रह रहा था।

हत्या के खुलासे में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता,थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह, उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ समेत पुलिस टीम शामिल रही जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!