हरीश रावत ने पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे पर साधा निशाना,मोदी के दौरे को बताया चुनावी दौरा।
देहरादून-14 अप्रैल 2026
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को चुनावी दौरा बताया है। उन्होंने कहा अच्छी बात है कि चुनाव का वक्त अब नजदीक है। यह सब चुनावी झमेला है. उन्होंने दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस हाईवे को उत्तराखंड के लिए सौगात बताते हुए कुछ खामियां भी गिनाई हैं। हरीश रावत ने कहा प्लानिंग की कमी के कारण आने वाले दो, ढाई साल से या उससे भी अधिक समय तक देहरादून को घुटन का सामना करना पड़ सकता है। देहरादून में जाम भी बढ़ेगा और बॉटल नेक खड़े होंगे। आने वाले समय में देहरादून वासियों के सामने जाम की समस्या खड़ी होगी। उन्होंने कहा उत्तराखंड के निवासियों को एक्सप्रेस वे तो चाहिए था,लेकिन इसके साथ हमको इंटरनल रोड़ कनेक्टिविटी में सुधार करने की भी आवश्यकता है तभी इस एक्सप्रेसवे के साथ तारतम्य बनाया जा सकता है। इसी तारतम्य के अभाव की वजह से एक्सप्रेस वे उत्तराखंड वासियों के लिए कुछ समय तक मुसीबत का कारण बन सकता है। उन्होंने माना कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के लिए सौगात स्वरूप है, मगर इसके साथ-साथ आंतरिक प्लानिंग की कमी और राज्य सरकार की अदूरदर्शिता के कारण यह एक्सप्रेस वे हमारे लिये वरदान की जगह कुछ समय तक के लिए परेशानी का सबब बनने जा रहा है।
हरीश रावत ने कहा एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता ने कहा कि अब देहरादून से दिल्ली ढाई घंटे में पहुंचा जा सकता है, लेकिन दिल्ली भले ही ढाई घंटे में पहुंच सकते हैं लेकिन राजपुर से आशारोड़ी पहुंचने तक हमको तीन घंटे से अधिक समय लगा। हरीश रावत का कहना है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आंतरिक मार्गों के सुधार की प्रक्रिया शुरू की गई थी,मगर उन प्रक्रियाओं को वर्तमान भाजपा सरकार इन नौ वर्षों में आगे नहीं बढ़ाया। हरीश रावत ने दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का नाम बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखने की मांग की।
