सवालों में घिरी हरियाणा पुलिस,हिरासत में चमोली निवासी व्यक्ति की हुई मौत।
चमोली-05 अप्रैल 2026
चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया है। मृतक की पहचान बलवंत सिंह (65 वर्ष), निवासी गांव मोलटा, जोशीमठ के रूप में हुई है। बलवंत सिंह के पुत्र आशीष और प्रवेश पंवार ने बताया कि उनके पिता प्रवेश के बच्चों के साथ गोपेश्वर में रहते हैं। उनका आरोप है कि रविवार सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग बिना वर्दी के उनके घर पहुंचे। उन्होंने खुद को हरियाणा पुलिस का जवान बताया. जिसके बाद वे उनके पिता को अपने साथ ले गए। परिजनों के अनुसार, पुलिस ने घर की तलाशी ली। मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने बताया बलवंत सिंह के खिलाफ मामला है। उन्हें थाने ले जाया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि कुछ समय बाद कर्णप्रयाग से फोन आया उन्हें बताया गया कि उनके पिता की तबीयत खराब हो रही है।दवाइयों के बारे में जानकारी मांगी गई, जब तक परिजन कर्णप्रयाग पहुंचे, तब तक उन्हें श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन जब श्रीनगर पहुंचे तो उन्हें पिता की मौत की सूचना मिली।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह तक उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ थे, रास्ते में उनके साथ टॉर्चर किया गया। जिससे उनकी मौत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस के अधिकारी अब फोन नहीं उठा रहे हैं, न ही उनकी कोई जानकारी दी जा रही है।परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक संबंधित पुलिसकर्मी वापस नहीं आते, वे शव नहीं ले जाएंगे।
