हेमकुंड साहिब यात्रा ने तोड़े रिकॉर्ड,अब तक
1 लाख 32 हजार श्रद्धालु पहुंचे, टेका मत्था।
चमोली-23 जून 2026
चमोली जनपद में हेमकुंड साहिब यात्रा सौहार्दपूर्ण माहौल में सुचारु रूप से जारी है.16 जून को कर्णप्रयाग में सिख तीर्थयात्रियों द्वारा हिंसा की घटना के बाद भी यात्रा के सौहार्द में कोई कमी नहीं आई है. हर रोज 5,000 से अधिक श्रद्धालु हेमकुंड साहिब दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. पहली बार इतनी बड़ी संख्या में रोजाना श्रद्धालुओं हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. इस समय गोविन्द घाट गुरद्वारे से लेकर घांघरिया गुरुद्वारे और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग में इस समय हजारों श्रद्धालु प्रति दिन पहुंच रहे हैं.
विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। सोमवार को यात्रा के दौरान सर्वाधिक 5,136 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में अब तक हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या 1 लाख 28 हजार के आंकड़े को पार कर गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार से अधिक है।
सुहावने मौसम के बीच हेमकुंड साहिब यात्रा लगातार गति पकड़ रही है। यात्रा मार्ग पर जमी बर्फ पूरी तरह पिघल चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी हुई है। वहीं, पवित्र हेमकुंड सरोवर से भी बर्फ पूरी तरह हट चुकी है। यात्रा के बेस कैंप घांघरिया में इन दिनों विशेष चहल-पहल देखने को मिल रही है।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रियों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सरदार सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग सहित हेमकुंड साहिब क्षेत्र में बर्फ पूरी तरह पिघल चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि ऊंची पर्वत चोटियों पर अभी भी बर्फ मौजूद है, जिसके कारण हेमकुंड साहिब में ठंड का असर बना हुआ है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और अब तक पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 30 हजार अधिक यात्री हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं।
वहीं, हेमकुंड साहिब की यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही भ्रामक एवं नकारात्मक जानकारियों को वास्तविकता से परे बताते हुए कहा कि कुछ लोग केवल व्यूज और प्रसिद्धि पाने के लिए यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर गलत तस्वीर पेश कर रहे हैं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन, पुलिस, स्थानीय नागरिकों एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग, सुरक्षा एवं सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी एजेंसियां यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सराहनीय कार्य कर रही हैं।
हेमकुंड साहिब में अब तक 1 लाख 32 हजार 353 श्रद्धालुओं ने मत्था टेक लिया है। जिसमे 78 हजार 717 पुरुष,47 हजार 74 महिला व 6 हजार 562 बच्चे शामिल हैं।
वहीं बात करें बद्रीनाथ धाम की तो अब तक 12 लाख 67 हजार 835 भक्तों ने दर्शन कर लिए हैं। जिसमे 7 लाख 75 हजार 250 पुरुष,4 लाख 41 हजार 194 महिला व 51 हजार 391 बच्चे शामिल हैं।
