हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में दर्दनाक हादसा,गहरी खाई में गिरी कार,शादी से लौट रहे 4 दोस्तों की गई ज़िंदगी।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में दर्दनाक हादसा,गहरी खाई में गिरी कार,शादी से लौट रहे 4 दोस्तों की गई ज़िंदगी।

कुल्लू (हिमांचल प्रदेश):-22 सितंबर 2026

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। NH-305 पर हरिपुर और निमला के बीच एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में पांच दोस्त सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सभी पांच युवक शिमला जिले के कुमारसैन के बड़ागांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव जाबौं की ओर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच उनकी कार NH-305 पर हरिपुर और निमला के बीच पहुंची। इसी दौरान वाहन अचानक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि चार युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक युवक घायल हुआ, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

एक ही क्षेत्र से थे सभी युवक

बताया गया है कि हादसे का शिकार हुए पांचों युवक जाबौं और कराणा क्षेत्र से संबंधित थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल पुत्र जगदीश चंद, विकास उर्फ विक्की पुत्र हीरा सिंह, बालकृष्ण पुत्र रिखी राम और गूंजन पुत्र राम प्रकाश के रूप में बताई गई है। वहीं सुरेश कुमार पुत्र मोहन लाल हादसे में घायल हुआ है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार घायल सुरेश कुमार का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। इसके बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। दुर्घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने खाई में फंसे लोगों को निकालने में मदद की और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार भी भाजपा मंडल आनी अध्यक्ष वेद ठाकुर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। आनी के एसडीएम लक्ष्मण कनेट के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 25 हजार रुपये की तत्काल राहत राशि दी गई है। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए 5 हजार रुपये की फौरी सहायता प्रदान की गई। आनी अस्पताल में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस

आनी थाना पुलिस ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। SHO हेतराम के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। फिलहाल कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

गांवों में पसरा मातम

एक ही वाहन में सवार चार युवकों की मौत की खबर फैलते ही जाबौं, कराणा और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। एक साथ चार युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!