हिमांचल के लाहौल घाटी में चंद्राभागा नदीं में गिरी कार, हादसे में 3 लोगों की मौत,4 घायल।
लाहौल स्पीति (हिमांचल प्रदेश):-19 अक्टूबर 2026
हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति में हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार शाम करीब 4:00 बजे तांदी क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
लाहौल स्पीति पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, Hyundai i20 कार (HR 03P 3251 कुठाड़ (तांदी) गांव से शादी समारोह में शामिल होने के लिए सलग्रां गांव की ओर जा रहा था. इस वाहन में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें छह व्यक्ति सलग्रां गांव और एक व्यक्ति भुजंड गांव का निवासी था। ऐसे में जब कार SH-26 सड़क मार्ग पर वीर मंदिर, तांदी के समीप एक मोड़ पर पहुंचा तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके परिणामस्वरूप वाहन सड़क से नीचे चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरा. इस सड़क दुर्घटना में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तांदी, पुलिस थाना उदयपुर और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंचीं।घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), उदयपुर पहुंचाया गया। मृतकों को पोस्टमार्टम एवं आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए CHC उदयपुर लाया जा रहा है।
डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया, दुर्घटना के संबंध में पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. प्रथम दृष्टया चालक की लापरवाही से दुर्घटना घटित होने की आशंका के मद्देनजर मामले की जांच की जा रही है. साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाहौल एवं स्पीति पुलिस आम जनता से अपील करती है कि पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, मोड़ों पर गति नियंत्रित रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
