हल्द्वानी में तेज रफ्तार बाइक ने ठेले को मारी टक्कर,13 वर्षीय किशोर की मौत।

हल्द्वानी में तेज रफ्तार बाइक ने ठेले को मारी टक्कर,13 वर्षीय किशोर की मौत।

हल्द्वानी:-25 सितंबर 2026

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की जान चली गई। बताया जा रहा है कि किशोर अपने पिता के साथ सब्जी बेचकर ठेला लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कटघरिया क्षेत्र में हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक ने उनके ठेले को टक्कर मार दी। हादसे में किशोर के पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक यूपी के बरेली जिले के फरीदपुर निवासी हरिशंकर मौर्य कटघरिया में किराये के मकान में रहकर बटाई पर खेती करते हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे वह अपने 13 वर्षीय बेटे कपिल के साथ बाजार से सब्जी बेचकर ठेला लेकर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर तेज गति से आ रही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और ठेले से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पिता को भी चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजनों का आरोप है कि गंभीर रूप से घायल कपिल को समय पर मदद नहीं मिल सकी। कुछ लोग मौके की तस्वीरें और वीडियो बनाने में लगे रहे।बताया गया कि घायल पिता ने खुद हिम्मत जुटाई और बेटे को ऑटो की मदद से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर दो युवक सवार थे और उसकी गति काफी अधिक थी। हादसे के बाद दोनों युवकों के मौके से चले जाने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

कपिल अपने परिवार में चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कटघरिया में हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और रात के समय सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी और यातायात व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत बताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!