शादी से पहले उजड़ गया आशियाना,बेटी के सपनों को आग ने किया राख।

शादी से पहले उजड़ गया आशियाना, बेटी के सपनों को आग ने किया राख।

विकासनगर (देहरादून)- 30 मई 2026

विकासनगर के परवल क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां देर रात लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार की जिंदगीभर की कमाई को राख में बदल दिया। आग में बेटी की शादी के लिए रखा लाखों रुपये का सामान और नकदी जलकर खाक हो गई। विकासनगर के परवल क्षेत्र में, जहां देर रात एक झोपड़ीनुमा घर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पीड़ित शफीक पेशे से मजदूर हैं और अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। परिवार के अनुसार दो महीने बाद बेटी की शादी होनी थी, जिसके लिए वर्षों की मेहनत से जोड़ा गया सामान और नकदी घर में रखी गई थी। लेकिन एक हादसे ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। आज हालात यह हैं कि जहां कभी शादी की खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहां सिर्फ राख और मलबा बचा है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आसपास के लोग मानवता का परिचय देते हुए परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। यह हादसा एक गरीब परिवार के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि पीड़ित परिवार को कितनी जल्दी सहायता मिलती है और क्या दो महीने बाद होने वाली बेटी की शादी तय समय पर हो पाएगी। फिलहाल परिवार को सरकारी मदद और समाज के सहयोग की सख्त जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!