किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर बवाल, कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व भाजपा विधायक राजेश शुक्ला हिरासत में।
किच्छा (उधमसिंह नगर):-22 सितंबर 2026
उधमसिंह नगर के किच्छा में नगर निकाय चुनाव के मतदान के बाद स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को जमकर विवाद हो गया। स्ट्रांग रूम के सामने लगाए गए तिरपाल को लेकर कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ ने आपत्ति जताई और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। कुछ ही देर में कांग्रेस के नगर पालिका अध्यक्ष पद प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह भी समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बढ़ानी पड़ी
स्ट्रांग रूम के बाहर धरना, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
बताया गया कि स्ट्रांग रूम के सामने तिरपाल लगाए जाने को लेकर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए गए। कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ ने इसे लेकर मौके पर धरना शुरू कर दिया। उनके साथ कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और कई समर्थक भी बैठ गए।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस ने स्ट्रांग रूम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को भी सख्त कर दिया।
पूर्व विधायक के पहुंचते ही बढ़ा विवाद
इसी बीच भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी स्ट्रांग रूम के पास पहुंच गए। उनके वहां आने के बाद कांग्रेस नेताओं और भाजपा नेता के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद तीखी नोकझोंक में बदल गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और राजेश शुक्ला के बीच हाथापाई की स्थिति भी बनी। पुलिसकर्मियों ने बीच में पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। कुछ समय तक मौके पर तनाव का माहौल बना रहा। राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने उनके साथ हाथापाई की। वहीं कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ ने आरोप लगाया कि राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों की ओर से उनके साथ मारपीट की गई।
पुलिस ने दोनों नेताओं को लिया हिरासत में।
विवाद बढ़ता देख पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए किच्छा के वर्तमान विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को हिरासत में ले लिया। पुलिस की ओर से स्ट्रांग रूम के आसपास मौजूद लोगों को भी हटाया गया और सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया।फिलहाल स्ट्रांग रूम के बाहर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने लोगों को स्ट्रांग रूम से करीब 500 मीटर की दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
धरने के दौरान विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे सौरभ बेहड़ ने भी पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी कार्रवाई प्रशासन की मिलीभगत से की जा रही है।सौरभ बेहड़ ने कहा कि अगर चुनाव में हार होती है तो उसे स्वीकार करना चाहिए, लेकिन उनके आरोप के मुताबिक अगर चुनाव प्रक्रिया में बेईमानी की जा रही है तो ऐसी स्थिति में चुनाव कराने का कोई फायदा नहीं है।उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को तीन से चार बार फोन किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। सौरभ बेहड़ ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री मौके की स्थिति पर नजर रख रहे हैं तो उन्हें यह भी देखना चाहिए कि भाजपा के पूर्व विधायक और प्रदेश प्रवक्ता मौके पर किस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने राजेश शुक्ला को तत्काल पद से हटाने की मांग भी की।
विधायक तिलकराज बेहड़ ने लगाया थप्पड़ मारने का आरोप।
हिरासत में लिए जाने से पहले विधायक तिलकराज बेहड़ ने आरोप लगाया कि राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों ने उनके गाल पर थप्पड़ मारा। विधायक ने कहा कि इसी घटना के विरोध में वह धरने पर बैठे थे।दूसरी ओर, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मीडिया से बातचीत के दौरान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अगर तिलकराज बेहड़ चाहते हैं कि वह राजनीति में न रहें, तो वह राजनीति से संन्यास लेने के लिए भी तैयार हैं।राजेश शुक्ला ने कहा कि उनकी गलती सिर्फ इतनी थी कि वह स्ट्रांग रूम के पास पहुंचकर वहां की स्थिति के बारे में पूछने गए थे। उनका आरोप है कि इसके बाद तिलकराज बेहड़ के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की।
मतदान के बाद मतगणना पर भी मामला लंबित।
आपको बता दें कि किच्छा नगर पालिका चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान कराया गया। मतदान से पहले प्रशासन की ओर से स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, बैरिकेडिंग और CCTV व्यवस्था का निरीक्षण किया गया था।वहीं चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान के बाद मतगणना को लेकर मामला न्यायालय में लंबित है। फिलहाल अदालत के अगले आदेश तक मतगणना स्थगित है। ऐसे में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण बनी हुई है।
फिलहाल स्ट्रांग रूम के बाहर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की ओर से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
