सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी,16 फरवरी से शुरू होंगी दसवीं और बारहवीं की परीक्षा।
नई दिल्ली:-07 नवंबर 2026
CBSE बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने जा रहे लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के इस ऐलान के साथ ही विद्यार्थियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी।सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी विषयवार परीक्षा तिथियां सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर देख सकते हैं। सीबीएसई के मुताबिक, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी। इस बार 10वीं के विद्यार्थियों के लिए कुल 83 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
12वीं के छात्रों को 9 अप्रैल तक देनी होंगी परीक्षाएं
वहीं, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी 16 फरवरी से शुरू होंगी, लेकिन इनका सिलसिला 9 अप्रैल 2027 तक चलेगा। बोर्ड इस बार 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कुल 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित करेगा।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी
बोर्ड ने प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट असेसमेंट की तारीखें भी घोषित कर दी हैं। सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी। जबकि बर्फीले और विशेष परिस्थितियों वाले विंटर-बाउंड स्कूलों में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच कराए जाएंगे।
छात्र अभी से कस लें कमर
परीक्षा की तारीखें सामने आने के बाद अब विद्यार्थियों के पास तैयारी को अंतिम रूप देने का समय है। ऐसे में छात्रों को सलाह है कि वे अपनी विषयवार डेटशीट डाउनलोड कर पढ़ाई की योजना बनाएं। नियमित रिवीजन, मॉडल पेपर और समयबद्ध अभ्यास पर ध्यान दें, ताकि परीक्षा के समय किसी तरह का दबाव न रहे।
