बाघों की हत्या:-उत्तराखंड के जंगलों में सन्नाटा नहीं,खतरे की दस्तक।

बाघों की हत्या:-उत्तराखंड के जंगलों में सन्नाटा नहीं,खतरे की दस्तक।

हरिद्वार-21 मई 2026

उत्तराखंड में वन्यजीवों, खासतौर पर बाघों की सुरक्षा को लेकर राज्यभर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। राजाजी टाइगर रिजर्व की श्यामपुर रेंज में दो बाघों की हत्या की घटना ने वन विभाग और सुरक्षा एजेंसियों की पोल को खोल कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले के बाद जंगलों में चौकसी बढ़ा दी गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है।

जंगलों में बढ़ी निगरानी, हर गतिविधि पर नजर⤵️

घटना के बाद वन विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए जंगलों में गश्त तेज कर दी है। सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जबकि अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वन्यजीव अपराधों पर लगाम लगाने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।

संगठित शिकार गिरोह की आशंका⤵️

मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद यह अंदेशा और गहरा गया है कि बाघों की हत्या किसी संगठित शिकार गिरोह द्वारा की गई हो सकती है। वन विभाग अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा हुआ है और अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

ड्रोन और आधुनिक तकनीक का सहारा⤵️

वन विभाग अब जंगलों की निगरानी के लिए ड्रोन और आधुनिक सर्विलांस तकनीकों के इस्तेमाल की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय रहते प्रशासन तक पहुंच सके।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल⤵️

इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि कड़ी सुरक्षा और निगरानी के दावों के बावजूद शिकारी जंगलों में कैसे दाखिल हुए और दो बाघों का शिकार कर फरार भी हो गए। यह मामला सुरक्षा तंत्र की कमजोरियों और जंगलों में बढ़ते वन्यजीव अपराधों की ओर साफ इशारा करता है।

अब वन विभाग की अग्निपरीक्षा⤵️

अब नजर इस बात पर टिकी है कि वन विभाग इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करता है। क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाएगी,या फिर वन्यजीव संरक्षण सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाएगा,यह आने वाला वक्त तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!